चंबा (ककीरा) के दंपति को पंजाब पुलिस ने 13.10 ग्राम चिट्टे के साथ किया गिरफ्तार, ड्रग नेटवर्क की जांच तेज

चंबा (ककीरा) के दंपति को पंजाब पुलिस ने 13.10 ग्राम चिट्टे के साथ किया गिरफ्तार, ड्रग नेटवर्क की जांच तेज

चंबा/पठानकोट 22 मार्च चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला से संबंध रखने वाले एक दंपति को पंजाब पुलिस ने नशा तस्करी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी दंपति की पहचान भटियात क्षेत्र के ककीरा निवासी रितिक और उसकी पत्नी सिमरन के रूप में हुई है, जिन्हें 13.10 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपी अपनी निजी बोलेरो गाड़ी में सवार होकर पंजाब के दीनानगर क्षेत्र से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पठानकोट जिले के नरोट जैमल सिंह थाना क्षेत्र में रियैल्टी चौक के पास पुलिस ने नाकाबंदी कर रखी थी। पुलिस टीम वहां से गुजरने वाले वाहनों की सघन जांच कर रही थी।जांच के दौरान जब पुलिस ने संदिग्ध लगने पर बोलेरो वाहन को रोका और तलाशी ली, तो गाड़ी के डैशबोर्ड के अंदर बड़ी चतुराई से छिपाकर रखा गया 13.10 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

नशीला पदार्थ मिलने के तुरंत बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। साथ ही, तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो गाड़ी को भी जब्त कर लिया गया।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ नरोट जैमल सिंह थाने में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी दंपति पिछले कुछ समय से इस अवैध कारोबार में संलिप्त थे और उनकी गतिविधियां पहले से ही पुलिस के राडार पर थीं।पंजाब पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, मामले की गहन जांच जारी है। पूछताछ के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी दीनानगर से यह खेप किससे लेकर आए थे और इसे चंबा में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस पूरे ड्रग नेटवर्क की कड़ियों को जोड़कर इस अवैध तंत्र को जड़ से खत्म करने की दिशा में काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!