चम्बा जिले में मतदाता सूचियों का गहन पुनरीक्षण शुरू, जनता से दावे और आक्षेप आमंत्रित

चम्बा जिले में मतदाता सूचियों का गहन पुनरीक्षण शुरू, जनता से दावे और आक्षेप आमंत्रित

चम्बा, 05 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त चम्बा मुकेश रेपसवाल ने बताया कि जिले की मतदाता सूचियाँ गहन पुनरीक्षण हेतु प्रकाशित कर दी गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग, हिमाचल प्रदेश के निर्देशानुसार यह पुनरीक्षण प्रक्रिया 1 अक्तूबर 2025 की अर्हता तिथि के आधार पर की जा रही है। इसके अंतर्गत जिला चम्बा के सात विकास खंडों की कुल 308 ग्राम पंचायतों की मतदाता सूचियाँ जनता के निरीक्षण, दावे और आक्षेप के लिए उपलब्ध करा दी गई हैं।उपायुक्त ने बताया कि मतदाता सूचियों की प्रतियाँ उपायुक्त कार्यालय, सभी ग्राम पंचायतों, पंचायत समितियों तथा जिला परिषद चम्बा के कार्यालयों में कार्यालय समय में निशुल्क निरीक्षण के लिए रखी गई हैं। कोई भी नागरिक यदि मतदाता सूची में सुधार, नया नाम जोड़ने, नाम हटाने या किसी प्रकार का आक्षेप दर्ज करवाना चाहता है, तो वह 27 अक्तूबर 2025 तक अपना दावा या आपत्ति प्रस्तुत कर सकता है। यह आवेदन संबंधित खंड विकास अधिकारी को व्यक्तिगत रूप से, अधिकृत प्रतिनिधि के माध्यम से अथवा रजिस्टर्ड डाक द्वारा भेजा जा सकता है ताकि यह निर्धारित तिथि तक पहुँच जाए।उन्होंने आगे बताया कि दावे और आक्षेप प्रस्तुत करने के लिए निर्धारित प्रपत्र (फॉर्म) संबंधित कार्यालयों तथा ग्राम पंचायतों में निःशुल्क उपलब्ध हैं।उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने जिले के सभी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे इस पुनरीक्षण प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लें और यह सुनिश्चित करें कि उनका नाम मतदाता सूची में सही रूप से दर्ज हो। उन्होंने कहा कि यह लोकतांत्रिक अधिकारों के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और हर पात्र नागरिक को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!