डलहौजी में पराक्रम दिवस का भव्य आयोजन, विधायक डीएस ठाकुर ने नेताजी को अर्पित की श्रद्धा सुमन श्रद्धांजलि

डलहोजी/चम्बा 23 जनवरी मुकेश कुमार(गोल्डी)
भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महानायक नेताजी सुभाषचन्द्र बोस जी की जयंती के उपलक्ष्य में संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जिला प्रशासन चंबा के सहयोग से डलहौजी में पराक्रम दिवस का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डीएस ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।कार्यक्रम की शुरुआत डलहौजी शहर के सुभाष चौक में स्थित नेताजी सुभाषचन्द्र बोस की प्रतिमा पर विधायक डीएस ठाकुर द्वारा श्रद्धासुमन अर्पित कर की गई। खराब मौसम के बावजूद स्थानीय लोगों में नेताजी की जयंती को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

बड़ी संख्या में नागरिक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, छात्र और युवा कार्यक्रम में शामिल हुए।इसके उपरांत बचत भवन डलहौजी में विशेष आयोजन किया गया, जहां स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया और नेताजी के आदर्शों व बलिदान को जीवंत कर दिया।मुख्य अतिथि विधायक डीएस ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि नेताजी सुभाषचन्द्र बोस का डलहौजी नगर से गहरा ऐतिहासिक संबंध रहा है।

उन्होंने स्वास्थ्य लाभ के लिए डलहौजी में काफी समय व्यतीत किया था, जिससे यह नगर उनके जीवन से विशेष रूप से जुड़ा हुआ है। विधायक ने कहा कि नेताजी का साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।उन्होंने सभी देशवासियों को पराक्रम दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन आने वाली पीढ़ी को देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।

बता दे इस आयोजन में केंद्र सरकार द्वारा देश में कुल 13 शहरों को चयनित किया गया था जिनमें एक शहर डलहौजी भी रहा जहां सुभाष चंद्र बोस का गहरा नाता रहा है ।इस आयोजन में वर्चुअल के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सीधा प्रसारण आयोजित किया गया जिसमें आ आए हुए उपमंडल अधिकारी डलहौजी अनिल भारद्वाज तहसीलदार डलहौजी,रमेश चौहान,राजेश बक्शी बलदेव खोसला लक्षीत सोनी, गंभीर सिंह, रत्नचंद, प्रदीप ,राम सिंह बबलू, साहिल पम्मा प्रथम घई के अलावा कई गणमान्य मौजूद रहे ।
