चंबा–पठानकोट एनएच-154ए पर एसआईयू चंबा की बड़ी कार्रवाई, 22.04 ग्राम चिट्टा/हेरोइन सहित तीन पंजाबवासी गिरफ्तार

डलहौजी़/चम्बा 01 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा–पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-154ए पर स्थित केरू क्षेत्र में पुलिस इन्वेस्टिगेशन यूनिट (एसआईयू) चंबा ने नशे के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। एसआईयू टीम ने नियमित गश्त के दौरान 22.04 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद कर तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई आज सायं करीब 7 बजे उस समय की गई, जब पुलिस दल क्षेत्र में पैट्रोलिंग कर रहा था।जानकारी के अनुसार, गश्त के दौरान पुलिस को कुछ संदिग्ध गतिविधियां नजर आईं, जिसके बाद मौके पर मौजूद वाहन और व्यक्तियों की गहन जांच की गई। जांच के दौरान तीन युवकों के कब्जे से भारी मात्रा में चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई। बरामद नशीले पदार्थ की मात्रा को गंभीर मानते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सेठी सिंह पुत्र रमेश सिंह, सन्नी देयोल पुत्र बलविंदर सिंह तथा करण भल्ला पुत्र करण भल्ला के रूप में हुई है। तीनों आरोपी मोहल्ला रामपुरा, डाकघर, तहसील एवं जिला पठानकोट, पंजाब के निवासी बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि आरोपी नशे की तस्करी से जुड़े हो सकते हैं, हालांकि पूरे नेटवर्क का खुलासा जांच के बाद ही हो पाएगा।पुलिस ने इस संबंध में थाना चुवाड़ी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने की है। उन्होंने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था तथा इसे किन-किन स्थानों पर सप्लाई किया जाना था।

पुलिस अधीक्षक ने यह भी स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशे के खिलाफ एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।