सरोल पंचायत घर में “इंटर जनरेशन बॉन्डिंग” अभियान का सफल आयोजन, 150 प्रतिभागियों ने लिया भाग

चम्बा 20 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला कल्याण कार्यालय की ओर से आज पंचायत घर सरोल में “इंटर जनरेशन बॉन्डिंग” अभियान का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिला कल्याण अधिकारी श्री मंजुल ठाकुर तथा मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ नागरिक श्री विद्या दास की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन तहसील कल्याण अधिकारी श्रीमती अनुराधा ने कुशलतापूर्वक किया, जबकि जिला कल्याण विभाग के अन्य कर्मचारी भी इस अवसर पर मौजूद रहे।इस विशेष आयोजन में लगभग 150 प्रतिभागियों ने उत्साह और ऊर्जा के साथ भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न पीढ़ियों के बीच संवाद को बढ़ावा देना और आपसी समझ, सम्मान एवं सामंजस्य को मजबूत करना रहा। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों को जिला कल्याण विभाग की ओर से शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया, जिससे उनके अनुभव और योगदान को सम्मान मिला।कार्यक्रम में मनोरंजक एवं रचनात्मक गतिविधियों की भरमार रही। प्रतिभागियों ने ड्राइंग, खेल-कूद, स्किट और गीत-संगीत जैसी प्रस्तुतियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसके साथ ही टॉक एक्सचेंज, कविता पाठ और स्टोरी टेलिंग जैसी गतिविधियों ने कार्यक्रम को और भी सार्थक बना दिया, जहां युवा और वरिष्ठ नागरिकों के बीच अनुभवों और विचारों का आदान-प्रदान हुआ।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया, जिससे उनका उत्साहवर्धन हुआ। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई, जिसने आयोजन को सौहार्दपूर्ण समापन दिया।
