चंबा में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम, छात्राओं ने प्रतियोगिताओं में दिखाई प्रतिभा

चंबा 09 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग जिला चंबा की ओर से मुख्य चिकित्सा अधिकारी के सौजन्य से आज नर्सिंग स्कूल, मेडिकल कॉलेज चंबा (गोल्टी) में जिला स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में छात्राओं और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा महिलाओं के स्वास्थ्य, सशक्तिकरण और जागरूकता से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम सिंह भारद्वाज ने अपने संदेश में कहा कि महिला समाज की आधारशिला है और परिवार, समाज तथा राष्ट्र के विकास में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ महिला ही स्वस्थ परिवार और मजबूत समाज की नींव रखती है, इसलिए महिलाओं के स्वास्थ्य की देखभाल और उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है।उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग चंबा द्वारा महिलाओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए कई योजनाएं और कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। गर्भवती महिलाओं के लिए सुरक्षित मातृत्व सेवाएं, प्रसव पूर्व और प्रसव के बाद की देखभाल, पोषण संबंधी परामर्श तथा नियमित स्वास्थ्य जांच की सुविधाएं स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इसके अतिरिक्त किशोरियों और महिलाओं में एनीमिया की रोकथाम, टीकाकरण, परिवार नियोजन तथा स्तन और गर्भाशय कैंसर की जांच को लेकर भी जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के लिए पोस्टर मेकिंग, भाषण प्रतियोगिता, मेहंदी तथा रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। भाषण प्रतियोगिता में नर्सिंग कॉलेज की आंचल ने प्रथम, नितिका ने द्वितीय तथा प्रियंका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कविता महाजन ने विजेता प्रतिभागियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया और उपस्थित छात्राओं को महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने महिला सशक्तिकरण, शिक्षा के महत्व और लैंगिक समानता के अधिकारों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।

इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हरित पुरी ने छात्राओं को एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूक करते हुए इसके बचाव और उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। कार्यक्रम में नर्सिंग स्कूल के अध्यापक एवं अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे।