देहरा में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई , एक साथ 6 जगह नाकेबंदी के दौरान 3 वाहन ज़ब्त

देहरा में वन विभाग की ‘सर्जिकल स्ट्राइक’, एक साथ 6 जगह नाकेबंदी में बड़ी कामयाबी: 3 वाहन ज़ब्त

कांगडा/ देहरा 09 फरवरी चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

देहरा वन मंडल में अवैध कटान और लकड़ी तस्करी के खिलाफ वन विभाग ने अब तक की सबसे सख्त और निर्णायक कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। डीएफओ सन्नी वर्मा के नेतृत्व में विभाग ने आधी रात को विशेष अभियान चलाकर पूरे क्षेत्र को घेर लिया और एक साथ छह रणनीतिक स्थानों पर कड़ी नाकेबंदी की। इस सुनियोजित कार्रवाई से वन माफिया को संभलने का मौका तक नहीं मिला।जानकारी के अनुसार, डीएफओ सन्नी वर्मा स्वयं फील्ड में मौजूद रहे और अभियान की कमान संभाली। अचानक की गई इस घेराबंदी से तस्करों में हड़कंप मच गया। नाकेबंदी के दौरान वन विभाग की टीम ने तीन वाहनों को अवैध लकड़ी के साथ रंगे हाथों पकड़ा। तत्काल कार्रवाई करते हुए विभाग ने लकड़ी की खेप सहित तीनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया।सूत्रों के मुताबिक, यह अभियान पहले से मिली गोपनीय सूचना के आधार पर चलाया गया था। वन विभाग की टीम ने पूरी सतर्कता और रणनीति के साथ नाकेबंदी की, जिससे तस्करों के भागने के सभी रास्ते बंद कर दिए गए।

पकड़े गए वाहनों और लकड़ी का मूल्यांकन किया जा रहा है, वहीं आरोपियों के खिलाफ वन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।डीएफओ सन्नी वर्मा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अवैध कटान और लकड़ी तस्करी को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह अभियान सुबह तक जारी रहा और आने वाले समय में भी इस तरह की औचक और सख्त कार्रवाइयों को और तेज किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि वन संपदा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ विभाग जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाए हुए है।इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में वन माफिया के हौसले पस्त नजर आ रहे हैं, वहीं स्थानीय लोगों ने वन विभाग की इस मुहिम की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!