महाशिवरात्रि को लेकर भुरूनाग देवता मंदिर में बनीखेत यूथ क्लब की बैठक, तैयारियों को दी गई अंतिम रूपरेखा

महाशिवरात्रि को लेकर भुरूनाग देवता मंदिर में बनीखेत यूथ क्लब की बैठक, तैयारियों को दी गई अंतिम रूपरेखा

डलहौजी/ चम्बा 08 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

महाशिवरात्रि के पावन पर्व को लेकर आज भुरूनाग देवता मंदिर में बनीखेत यूथ क्लब के सदस्यों द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में आगामी 15 फरवरी को मनाए जाने वाले महाशिवरात्रि पर्व के सफल आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा विभिन्न व्यवस्थाओं की रूपरेखा तय की गई। बैठक में यूथ क्लब के पदाधिकारियों के साथ-साथ मंदिर कमेटी के सदस्य भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान महाशिवरात्रि के दिन होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, श्रद्धालुओं की सुविधा, पूजा सामग्री, लाइट एवं साउंड व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भुरूनाग देवता मंदिर में रात्रि के समय विशेष शिव नुआला का आयोजन किया जाएगा।


शिव नुआला के दौरान भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी। पूरी रात भजन-कीर्तन, मंत्रोच्चारण और धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहेगा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के इस आयोजन में भाग लेने की संभावना जताई जा रही है।
इसके अलावा बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि 17 फरवरी को भुरूनाग मंदिर लंगर कमेटी के तत्वावधान में चौगान मैदान में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। भंडारे में श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं भोजन की समुचित व्यवस्था की जाएगी। आयोजकों का कहना है कि भंडारा सामाजिक समरसता, सेवा भावना और आपसी सहयोग का प्रतीक है, जिसमें सभी वर्गों के लोग भाग लेंगे।


बनीखेत यूथ क्लब के अध्यक्ष विश्वजीत सिंह ने बैठक के बाद जानकारी देते हुए बताया कि यूथ क्लब और मंदिर कमेटी के सदस्य महाशिवरात्रि एवं भंडारे की तैयारियों में पूरी निष्ठा से जुटे हुए हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं से अपील की कि वे महाशिवरात्रि की तैयारियों में अपना सहयोग दें, ताकि सभी कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सकें।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से न केवल लोगों की धार्मिक आस्था मजबूत होती है, बल्कि समाज में आपसी भाईचारा, सौहार्द और एकता की भावना भी सुदृढ़ होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!