चामुंडा में खुली नई हिम ईरा शॉप, महिलाओं के उत्पादों को मिलेगा बेहतर बाजार,
डीसी हेमराज बैरवा ने किया शुभारंभ, ऑनलाइन बिक्री को भी मिल रहा बढ़ावा

धर्मशाला/कांगड़ा 19 जुलाई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस ( ब्यूरो)
जिला कांगड़ा के चामुंडा मंदिर के समीप शनिवार को उपायुक्त हेमराज बैरवा ने हिम ईरा शॉप का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हिम ईरा शॉप्स का उद्देश्य महिला स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) को उनके उत्पादों की ब्रांडिंग और विपणन के लिए एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराना है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ किया जा सके।उपायुक्त ने जानकारी दी कि इससे पहले धर्मशाला स्थित डीसी कार्यालय परिसर और जिला पंचायत कार्यालय के निकट हिम ईरा शॉप्स स्थापित की जा चुकी हैं।

इन दुकानों में बीते तीन माह में एक लाख 11 हजार रुपये के उत्पादों की बिक्री हो चुकी है और स्थानीय उत्पादों की मांग में निरंतर वृद्धि हो रही है।उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाएं पारंपरिक और जैविक विधियों से गुणवत्तापूर्ण उत्पाद तैयार कर रही हैं। हिम ईरा शॉप्स के जरिए इन्हें बाजार तक पहुंचाने की मजबूत व्यवस्था की जा रही है। साथ ही, महिला समूहों को उत्पादों की गुणवत्ता सुधारने और बेहतर पैकेजिंग के लिए प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, ताकि बाजार में प्रतिस्पर्धा के अनुकूल डिमांड बनाई जा सके।उपायुक्त बैरवा ने बताया कि हिम ईरा की वेबसाइट भी तैयार की गई है, जिसके माध्यम से एसएचजी के उत्पादों को ऑनलाइन बेचना संभव होगा।

सभी स्वयं सहायता समूहों को वेबसाइट से जोड़ा जा रहा है ताकि वे डिजिटल प्लेटफार्म के माध्यम से अपने उत्पादों की बिक्री को बढ़ा सकें।उन्होंने पंचायती राज और ग्रामीण विकास विभाग को हिम ईरा शॉप्स की बिक्री पर विशेष ध्यान देने तथा किसी भी प्रकार की कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। साथ ही, कृषि और बागबानी विभागों को निर्देश दिए कि वे ग्रामीण विकास विभाग के सहयोग से जैविक कृषि उत्पादों के विपणन के लिए संयुक्त योजना तैयार करें।यह पहल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
