प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न, किसानों को बीमा करवाने का आह्वान

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न, किसानों को बीमा करवाने का आह्वान

चम्बा 04 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)

उपायुक्त चम्बा मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (पीएमएफबीवाई) और पुनर्निर्मित मौसम आधारित फसल बीमा योजना के अंतर्गत जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के किसानों को फसल बीमा योजनाओं से जोड़ने, प्रीमियम प्रक्रिया तथा लाभ वितरण से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।उपायुक्त ने बताया कि रबी मौसम 2025-26 के लिए गेहूं और जौ की फसलों का बीमा करवाने की अंतिम तिथि 15 दिसंबर निर्धारित की गई है। गेहूं के लिए 72 रुपये प्रति बीघा प्रीमियम देय होगा, जिसके बदले प्राकृतिक आपदा की स्थिति में अधिकतम 4,800 रुपये प्रति बीघा मुआवजा मिलेगा। वहीं जौ की फसल के लिए 60 रुपये प्रति बीघा प्रीमियम रखा गया है तथा नुकसान की स्थिति में किसानों को 4,000 रुपये प्रति बीघा तक की भरपाई उपलब्ध करवाई जाएगी।उन्होंने बताया कि किसान लोक मित्र केंद्र, जन सेवा केंद्र या पोर्टल pmfby.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन के माध्यम से आसानी से अपनी फसलें बीमित कर सकते हैं। इसके लिए किसान को अपनी फोटो, पहचान पत्र और खेत का खसरा नंबर प्रस्तुत करना आवश्यक है। सभी ऋणी किसानों का बीमा संबंधित वित्तीय संस्थानों द्वारा स्वतः किया जाएगा, जबकि योजना का लाभ न लेने की स्थिति में किसान बैंक में घोषणा पत्र जमा कर सकते हैं।उपायुक्त ने आगे बताया कि भरमौर, चम्बा, पांगी, सलूणी और तिसा ब्लॉकों में रबी मौसम 2025-26 के लिए आलू, लहसुन और सेब की फसलों का मौसम आधारित फसल बीमा निर्धारित तिथियों तक करवाया जा सकता है।

आलू के लिए 500 रुपये प्रति बीघा प्रीमियम रखा गया है, जिसके अंतर्गत अधिकतम 10,000 रुपये प्रति बीघा मुआवजा देय होगा। इन योजनाओं के संचालन हेतु एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी और कशेमा जनरल इंश्योरेंस कंपनी को अधिकृत किया गया है।उपायुक्त ने कृषि विभाग, बीमा कंपनियों और बैंकों को आपसी समन्वय मजबूत कर अधिक किसानों, विशेषकर केसीसी धारकों, को बीमा योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि खरीफ 2024 में 2,505 किसानों को 35,46,355 रुपये की बीमा राशि वितरित की गई।बैठक का संचालन कृषि उपनिदेशक डॉ. भूपेंद्र सिंह ने किया। इस अवसर पर जिला राजस्व अधिकारी विक्रम जीत सिंह, डीसी चौहान, राकेश कुमार (डीडीएम नाबार्ड) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!