चंबा पुलिस को बड़ी सफलता, 1.44 ग्राम कोकीन सहित युवक गिरफ्तार

चंबा 28 अक्टूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा पुलिस को नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIU) की टीम ने बीते कल शाम चंबा-झूमार सड़क पर गश्त के दौरान एक व्यक्ति के कब्जे से 1.44 ग्राम कोकीन बरामद की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार को शाम लगभग 5 बजे जब पुलिस दल नियमित गश्त पर चंबा-झूमार मार्ग स्थित चामुंडा मंदिर के पास पहुंचा, तो वहां मौजूद एक युवक पुलिस वाहन को देखकर घबराहट में संदिग्ध हरकतें करने लगा और मौके से खिसकने की कोशिश करने लगा। पुलिस दल ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए युवक को काबू में किया और उसकी तलाशी ली।

तलाशी के दौरान उसके पास से 1.44 ग्राम कोकीन बरामद हुई।पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को हिरासत में लेकर मादक द्रव्य अधिनियम (NDPS Act) की विभिन्न धाराओं के तहत थाना सदर चंबा में मामला दर्ज किया है। आरोपी की पहचान 35 वर्षीय पार्थ अरोड़ा पुत्र गुलशन अरोड़ा निवासी सिटी हॉस्पिटल, गांधी नगर, फ्रेंड्स कॉलोनी, बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।एसपी चंबा अभिषेक यादव ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मंगलवार को उसे माननीय अदालत में पेश किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पुलिस नशे के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है और जिले में मादक पदार्थों की तस्करी या सेवन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।एसपी ने आम जनता से भी अपील की कि वे समाज से नशे की बुराई को समाप्त करने के लिए पुलिस का सहयोग करें और यदि कहीं भी संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। उन्होंने कहा कि पुलिस का यह अभियान आगे भी पूरे जोश और सख्ती के साथ जारी रहेगा ताकि जिले को नशामुक्त बनाया जा सके।