बनीखेत में आबकारी एवं कराधान विभाग द्वारा जीएसटी जागरूकता शिविर का आयोजन

बनीखेत में आबकारी एवं कराधान विभाग द्वारा जीएसटी जागरूकता शिविर का आयोजन

डलहौजी/ चम्बा 20 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)

आबकारी एवं कराधान विभाग बनीखेत की ओर से स्थानीय व्यापारियों को जीएसटी संबंधी जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से एक जागरूकता शिविर का आयोजन होटल व्यास पुष्प में किया गया। इस कार्यक्रम में विभाग के अधिकारियों ने व्यापारियों को वस्तु एवं सेवा कर (GST) से संबंधित अनेक महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी।

शिविर के दौरान अधिकारियों ने व्यापारियों को बताया कि किस वस्तु पर कितना जीएसटी लागू होता है, जीएसटी रेट्स कैसे निर्धारित होते हैं, और बिल बुक किस प्रकार बनानी चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि ₹50,000 से अधिक मूल्य की वस्तु गाड़ी के माध्यम से एक स्थान से दूसरे स्थान पर भेजी जा रही है, तो ई-वे बिल बनाना अनिवार्य होता है।

इसके अतिरिक्त, वस्तुओं का एचएसएन कोड क्या होता है और इसे बिल में कैसे शामिल करना चाहिए, इस पर भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने “जागो ग्राहक जागो” अभियान के अंतर्गत उपभोक्ताओं को जीएसटी बिल प्राप्त करने की महत्ता को भी रेखांकित किया।

फेक जीएसटी बिलिंग और फर्जी जीएसटी फर्म्स के माध्यम से किए जा रहे धोखाधड़ी के मामलों पर भी चर्चा की गई। विभाग ने बताया कि किस प्रकार झूठे बिल तैयार किए जाते हैं और आम नागरिक व व्यापारी किस प्रकार इनसे सावधान रह सकते हैं। इस संदर्भ में पेरिडॉट नामक मोबाइल एप्लीकेशन की जानकारी दी गई, जिसके माध्यम से उपभोक्ता किसी भी जीएसटी फर्म की वैधता की जांच कर सकते हैं।

इस अवसर पर व्यापार मंडल बनीखेत के समस्त सदस्यों ने भाग लेकर इस पहल की सराहना की तथा आयोजन को व्यापारिक समुदाय ने उपयोगी और ज्ञानवर्धक बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!