कुड्डू टोल बैरियर की वसूली के लिए 28 फरवरी को होगी ई-नीलामी

जुब्बल/शिमला 26 फरवरी ‘चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
उपमंडल दण्डाधिकारी जुब्बल गुरमीत नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा एच.पी. टोल्स अधिनियम, 1975 के अंतर्गत कुड्डू टोल बैरियर पर टोल वसूली का अधिकार वित्तीय वर्ष 2026-27 (01 अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2027 तक) के लिए ई-नीलामी के माध्यम से प्रदान किया जाएगा। यह प्रक्रिया पूर्णतः ऑनलाइन और पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाई जाएगी।उन्होंने बताया कि इच्छुक बोलीदाता आधिकारिक पोर्टल Government eAuction Portal (NIC GePNIC) के माध्यम से ई-नीलामी में भाग ले सकते हैं। दस्तावेज जमा करने की अंतिम तिथि 27 फरवरी 2026 प्रातः 11:00 बजे निर्धारित की गई है। प्राप्त दस्तावेजों की जांच एवं स्वीकृति 27 फरवरी को ही प्रातः 11:05 बजे से सायं 6:55 बजे तक की जाएगी। इसके उपरांत ई-नीलामी की प्रक्रिया 28 फरवरी 2026 को प्रातः 09:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक आयोजित की जाएगी।एसडीएम ने स्पष्ट किया कि यह नीलामी एच.पी. वार्षिक टोल नीति 2026-27 तथा आयुक्त राज्य कर एवं आबकारी, हिमाचल प्रदेश द्वारा अधिसूचित नियमों एवं शर्तों के अनुरूप संचालित होगी। विस्तृत नियम, शर्तें, आरक्षित मूल्य तथा अन्य आवश्यक जानकारियां विभाग की आधिकारिक वेबसाइट Department of State Taxes and Excise Himachal Pradesh पर उपलब्ध हैं।उन्होंने यह भी बताया कि ई-नीलामी आयुक्त राज्य कर एवं आबकारी, हिमाचल प्रदेश की अंतिम स्वीकृति के अधीन रहेगी। आयुक्त को किसी भी अथवा सभी बोलियों को बिना कारण बताए अस्वीकार करने का अधिकार सुरक्षित है। इच्छुक आवेदकों को सलाह दी गई है कि वे नवीनतम सूचनाओं और अद्यतन जानकारी के लिए विभागीय वेबसाइट का नियमित अवलोकन करते रहें।