चंबा में बदला मौसम का मिज़ाज, बारिश और हल्की बर्फबारी से बढ़ी ठंड, किसानों-बागवानों के चेहरे खिले

चम्बा 12 मार्च मुकेश कुमार गोल्डी
जिला चंबा में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए एक बार फिर ठंड का एहसास बढ़ा दिया है। पिछले कुछ दिनों से जहां जिले में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही थी, वहीं बीते 24 घंटों से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया है। बारिश के कारण ठंड में भी बढ़ोतरी महसूस की जा रही है और लोगों को एक बार फिर सर्दी का सामना करना पड़ रहा है।जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर जारी है, जबकि निचले इलाकों में बारिश ने जोर पकड़ लिया है। मौसम के इस बदलाव का असर आम जनजीवन पर भी देखने को मिल रहा है। कई जगह लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है और ठंडी हवाओं के चलते लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है।हालांकि इस बारिश से किसानों और बागवानों के चेहरों पर खुशी देखी जा रही है। उनका मानना है कि लंबे समय से खेतों में पानी की कमी महसूस की जा रही थी, जिसे यह बारिश काफी हद तक पूरा करेगी।

इससे फसलों को नमी मिलेगी और आने वाले समय में अच्छी पैदावार की उम्मीद भी बढ़ गई है।बागवानों का कहना है कि यह बारिश फलों की फसल के लिए भी काफी लाभदायक साबित होगी। इससे मिट्टी में नमी बनी रहेगी और पेड़ों की वृद्धि में मदद मिलेगी। इसके साथ ही वातावरण में फैली धूल-मिट्टी से भी लोगों को राहत मिलेगी।विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की बारिश प्राकृतिक जल स्रोतों के लिए भी लाभकारी होती है। इससे सूख रहे झरनों और जलस्रोतों में पानी की कमी कुछ हद तक पूरी हो सकती है। कुल मिलाकर मौसम में आए इस बदलाव ने जहां ठंड बढ़ा दी है, वहीं किसानों और बागवानों के लिए यह राहत और उम्मीद लेकर आया है।