राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर राजकीय महाविद्यालय चुवाड़ी में विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन

चुवाड़ी/ चम्बा 03 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
राजकीय महाविद्यालय चुवाड़ी की विज्ञान समिति द्वारा राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर एक दिवसीय कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार की भावना तथा अनुसंधान के प्रति रुचि को प्रोत्साहित करना रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ प्रो. सिद्धार्थ के स्वागत एवं परिचयात्मक उद्बोधन से हुआ। उन्होंने राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को जिज्ञासा, साहस, दृढ़ संकल्प और वैज्ञानिक सोच को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य एवं मुख्य अतिथि डॉ. संजय कुमार पठानिया ने कहा कि स्वाभिमान और आत्मविश्वास वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं कौशल विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को नियमित रूप से आयोजित करने पर बल दिया।कार्यक्रम में Jamia Millia Islamia के डायरेक्टर (नैनो टेक्नोलॉजी) डॉ. सैफ अली चौधरी ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों को करियर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा करते हुए मेहनत, लगन और निरंतर अध्ययन का संदेश दिया।कार्यक्रम के अंतर्गत क्विज, पोस्टर मेकिंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। पोस्टर मेकिंग का विषय “सतत विकास के लिए विज्ञान: हरित प्रौद्योगिकी को बढ़ावा” रहा, जिसमें 20 प्रतिभागियों ने भाग लिया। भाषण प्रतियोगिता में अंशिता ने प्रथम, रक्षिता ने द्वितीय तथा कविता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पोस्टर प्रतियोगिता में आकांक्षा प्रथम, रिधम पठानिया द्वितीय और शिल्पा तृतीय रहीं। क्विज प्रतियोगिता में शशि बाला और सुहानी की टीम विजेता रही, जबकि इशिका-ऋषिका द्वितीय और कृष-सोनाली तृतीय स्थान पर रहे।कार्यक्रम की सफलता में इको क्लब के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।