भटीयात की ग्राम पंचायत खदेट में युवक ने पेड़ से लटक कर की आत्महत्या, मानसिक तनाव बताया गया कारण

भटीयात की ग्राम पंचायत खदेट में युवक ने पेड़ से लटक कर की आत्महत्या, मानसिक तनाव बताया गया कारण

भटीयात/चुवाड़ी, 9 जून बबलू पठानिया

पुलिस थाना चुवाड़ी के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत खदेट से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां 27 वर्षीय युवक ने पेड़ से लटक कर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान रवि कुमार पुत्र ज्ञान चंद, निवासी गांव गुम्मु के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रवि कुमार बीते कुछ समय से मानसिक तनाव में था और उसका इलाज ढांडा तथा पठानकोट से चल रहा था।रवि धर्मशाला में एम.ए. की पढ़ाई कर रहा था और छुट्टियों में अपने घर आया हुआ था। घटना की सुबह वह खेतों की ओर गया था लेकिन देर तक घर वापस नहीं लौटा। जब परिजनों ने उसकी खोजबीन की तो उन्हें खेत के पास एक पेड़ से उसका शव लटका मिला। परिजन तुरंत रवि को सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।पुलिस को जैसे ही घटना की सूचना मिली, टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

डीएसपी योगराज चंदेल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया की मामला दर्ज कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया गया है।प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है और पुलिस द्वारा इसकी गहनता से जांच की जा रही है। परिजनों ने भी युवक के मानसिक तनाव में होने की पुष्टि की है।यह दुखद घटना एक बार फिर से मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता की आवश्यकता को उजागर करती है। समाज को इस ओर अधिक संवेदनशील और सजग बनने की आवश्यकता है ताकि ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!