अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस पर चंबा में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित

अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस पर चंबा में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने वरिष्ठ नागरिकों को किया सम्मानित, कहा- वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर

चंबा, 01 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर आज बचत भवन चंबा में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की और उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके अनुभव से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है।उन्होंने आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उपायुक्त ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वरिष्ठ नागरिकों की सुविधाओं और अधिकारों के प्रति संवेदनशीलता बरती जाए।

उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों का अनुभव समाज में सकारात्मकता लाने और सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।रेपसवाल ने वरिष्ठ नागरिक फॉर्म से ऐसे सदस्यों की सूची उपलब्ध करवाने का आग्रह भी किया जो अपनी विशेषज्ञता के आधार पर सेवाएं प्रदान करने के इच्छुक हों। इस मौके पर उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों द्वारा रखी गई विभिन्न मांगों और सुझावों पर ठोस निर्णय लिए। उन्होंने घोषणा की कि सप्ताह में दो दिन पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज चंबा में आयुष विभाग की ओपीडी संचालित होगी।

साथ ही चंबा के ऐतिहासिक चौगान नंबर-1 में शाम 6 से 8 बजे तक क्रिकेट जैसे खेलों पर प्रतिबंध रहेगा और चौगान के समीप मोड़ पर दोपहिया वाहनों की पार्किंग को भी रोकने के निर्देश दिए गए।उपायुक्त ने यह भी बताया कि जिला मुख्यालय से भरमौर चौक, करियां, सुल्तानपुर, बालू आदि स्थानों के लिए बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को मफलर और टोपी भेंट कर सम्मानित किया।कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हितेश लखनपाल, नगर परिषद की वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी राखी कौशल, जिला आयुष अधिकारी डॉ. प्रदीप शर्मा, स्वास्थ्य विभाग के डॉ. कर्ण हितैषी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।इस अवसर पर पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ कन्या माध्यमिक विद्यालय चंबा की छात्राओं तारामणि और दीक्षा ने वरिष्ठ नागरिकों के योगदान पर अपने विचार रखे।

उपायुक्त ने उन्हें स्मृति चिन्ह देकर प्रोत्साहित किया।उपायुक्त ने जिन वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया, उनमें श्रीमती निर्मला चौहान, श्री प्यार सिंह, श्री पी.एल. ठाकुर, श्री आई.पी. शर्मा, श्री मंजीत सिंह जसरोटिया, श्री ईश्वरी प्रसाद और श्री एस.के. गुप्ता शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!