उगराल (बनीखेत) में निजी होटल के बाहर युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जांच में जुटी पुलिस


डलहोजी/चम्बा 23 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
डलहौजी पुलिस थाना के अंतर्गत बनीखेत के साथ गांव उगराल में स्थित एक निजी होटल के बाहर एक व्यक्ति के मृत पाए जाने का मामला सामने आया है। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक पिछले डेढ़ महीने से उक्त निजी होटल में ठहरा हुआ था जो की बतौर ठेकेदार एमईएस डलहौजी में बतौर ठेकेदार पेंट कार्य हेतु अपनी सेवाएं दे रहा था।क्यास लगाया जा रहा है कि बीती रात वह नशे की हालत में मोबाइल फोन पर बातचीत करता हुआ होटल से बाहर निकला था। इसी दौरान वह होटल के बाहर ही गिर पड़ा और अत्यधिक ठंड के कारण सुबह तक वहीं अकड़ गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान 32 वर्षीय अमित वैसली पुत्र जान वैसली, निवासी गांव व डाकघर जतोग कैंट, तहसील एवं जिला शिमला के रूप में हुई है। सुबह होटल कर्मियों द्वारा जब उसे बाहर बेसुध अवस्था में देखा गया तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही डलहौजी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक दल नूरपुर को भी मौके पर बुलाया। फॉरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया तथा आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस द्वारा हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है।
उक्त मृतक के शव को फिलहाल डलहौजी सिविल अस्पताल के शवगृह में रखा गया है, जहां कल सुबह पोस्टमार्टम प्रक्रिया को अंजाम दिया जाएगा। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है, हालांकि शिमला क्षेत्र में भारी बर्फबारी के चलते परिजनों को डलहौजी पहुंचने में समय लग सकता है।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने बताया कि स्थानीय पुलिस मामले को पूरी गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक रिपोर्ट एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि युवक की मौत किन कारणों से हुई है। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।