उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर, स्कूल-कॉलेजों में बनेंगे जागरूकता क्लब

उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर, स्कूल-कॉलेजों में बनेंगे जागरूकता क्लब

चंबा 28 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

जिला चंबा में उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने और उनके हितों के संरक्षण के लिए प्रशासन ने जन-जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी बनाने की पहल की है। इसी उद्देश्य से उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपभोक्ता मामलों से संबंधित गतिविधियों के आयोजन, उनके प्रभावी क्रियान्वयन और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक के दौरान विभाग की ओर से उपभोक्ता जागरूकता के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि तैयार की गई कार्ययोजना को व्यावहारिक रूप प्रदान करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता अधिकारों की जानकारी समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के लिए विभिन्न प्रचार माध्यमों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए।उपायुक्त ने खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग को जागरूकता गतिविधियों में गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा जिले के विद्यालयों और महाविद्यालयों में उपभोक्ता जागरूकता क्लब गठित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के माध्यम से उपभोक्ता अधिकारों से जुड़ा संदेश समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाया जा सकता है।त्योहारों के मौसम को देखते हुए उपायुक्त ने खाद्य सुरक्षा विभाग को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए। उन्होंने खाद्य सुरक्षा वैन के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में विशेषज्ञों की देखरेख में खाद्य पदार्थों की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही मिलावटखोरी और घटिया गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री की बिक्री पर प्रभावी निगरानी रखने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।उपायुक्त ने जागरूकता अभियान की शुरुआत अधिक जनसंख्या घनत्व वाले क्षेत्रों से करने को कहा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।बैठक में जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक करण ठाकुर, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कविता महाजन, सीपीओ सुनील कुमार और एसीएलएम प्रिया चंदेल उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!