चंबा में मिंजर मेला 2025 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने की अध्यक्षता

चंबा में मिंजर मेला 2025 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने की अध्यक्षता

चंबा, 23 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)

अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला 2025 की तैयारियों की समीक्षा हेतु आज जिला मुख्यालय चंबा में बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने की। उन्होंने कहा कि मिंजर मेला चंबा की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है। इसका मूल स्वरूप बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारू हों और कोई भी कमी न रहे। पठानिया ने आशा जताई कि प्रशासन व जनसहयोग से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न होगा।

बैठक में उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने जानकारी दी कि मिंजर मेला इस वर्ष 27 जुलाई से 3 अगस्त तक चौगान मैदान नंबर 1 में मनाया जाएगा। परंपरानुसार व्यापारिक गतिविधियां 15 दिनों तक चलेंगी। मेला निमंत्रण कार्ड पद्मश्री विजय शर्मा द्वारा डिज़ाइन किया जाएगा।मेले के दौरान आठ सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन होगा। इनमें से एक को मध्यरात्रि 12 बजे तक चलने की अनुमति दी गई है जबकि शेष संध्याएं रात्रि 10 बजे तक समाप्त होंगी। अधिकारियों को मेला अवधि में आवश्यकतानुसार प्रशासन को वाहन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में पार्किंग व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, खेलकूद प्रतियोगिताएं, चौगान की मरम्मत, स्वास्थ्य सेवाएं, विद्युत व जल आपूर्ति सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर चर्चा हुई। मेला समिति की उप-समितियों ने भी उपयोगी सुझाव दिए, जिन्हें शामिल करने का आश्वासन विधानसभा अध्यक्ष ने दिया।इस अवसर पर उपायुक्त ने विधानसभा अध्यक्ष का स्वागत करते हुए उनके मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया और मेले को सफल बनाने का भरोसा दिलाया।

बैठक में विधायक नीरज नैयर, पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव सहित जिला प्रशासन, विभागीय अधिकारी व मेला समिति सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!