चंबा समेत पांच जिलों में बारिश और गरज-चमक का अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी की एडवाइजरी

शिमला 28 सितम्बर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने सोमवार को हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में बारिश और गरज-चमक को लेकर पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 28 सितंबर को दोपहर 12 बजे से शाम 3 बजे तक चंबा, कांगड़ा, ऊना, सोलन और सिरमौर जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान एक-दो स्थानों पर तेज बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।मौसम विभाग के अनुसार शिमला, कुल्लू, मंडी, हमीरपुर और बिलासपुर जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर मध्यम बारिश के दौर होने की संभावना है। वहीं लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने तथा एक-दो स्थानों पर मध्यम बारिश के दौर की संभावना जताई गई है।शिमला शहर और आसपास के क्षेत्रों में भी हल्की बारिश के कुछ दौर के साथ एक-दो स्थानों पर मध्यम बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है।मौसम विभाग ने बारिश के संभावित प्रभावों को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

विभाग के अनुसार संवेदनशील क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर भूस्खलन और मलबा गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। बारिश के कारण नदी-नालों एवं अन्य जलस्रोतों में जलस्तर बढ़ने तथा निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। कुछ स्थानों पर कमजोर संरचनाओं को आंशिक नुकसान और कृषि-बागवानी फसलों को भी प्रभावित होने की संभावना है।बारिश के दौरान सड़कें फिसलन भरी होने और दृश्यता कम होने से वाहनों के फिसलने का खतरा भी बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से बचने, जलभराव वाले रास्तों से दूरी बनाए रखने और नदी-नालों के समीप न जाने की सलाह दी है। वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा मौसम संबंधी चेतावनियों और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।