चम्बा को स्वास्थ्य सुधार का तोहफा मिले – AAP की केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा से मांग

चम्बा को स्वास्थ्य सुधार का तोहफा मिले – AAP की केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा से मांग

डलहौजी/चम्बा 19 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)

हिमाचल प्रदेश आम आदमी पार्टी (AAP) जिला चम्बा के अध्यक्ष सोनू ठाकुर ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा के चम्बा दौरे पर उनका स्वागत करते हुए जिले के लिए विशेष स्वास्थ्य सुधार पैकेज की माँग की है। उन्होंने कहा कि चम्बा एक पिछड़ा और दुर्गम जिला है, जहाँ स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति बेहद चिंताजनक है।सोनू ठाकुर ने कहा कि जिले के सिविल अस्पतालों में बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी के चलते लोगों को मामूली इलाज के लिए भी कांगड़ा, पठानकोट या शिमला जैसे दूरवर्ती क्षेत्रों में जाना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती है, और कई बार जान का जोखिम भी बढ़ जाता है।उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं की स्वास्थ्य समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि अल्ट्रासाउंड जैसी जरूरी जांच सुविधाओं का भारी अभाव है। इससे गर्भवती महिलाओं और अन्य जरूरतमंद मरीजों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।AAP चम्बा की ओर से रखी गई प्रमुख माँगों में शामिल हैं: जिले के सभी सिविल अस्पतालों को आधुनिक उपकरणों से लैस करना, हर विधानसभा क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में अल्ट्रासाउंड मशीनों की सुविधा और प्रशिक्षित तकनीकी स्टाफ की नियुक्ति, तथा विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या में वृद्धि और स्टाफ की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना।सोनू ठाकुर ने कहा कि यह पैकेज चम्बा की जनता का अधिकार है, भीख नहीं। उन्होंने आग्रह किया कि श्री नड्डा इस क्षेत्र की जमीनी हकीकत को समझें और चम्बा को उसके स्वास्थ्य क्षेत्र में न्यायपूर्ण अधिकार प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!