चम्बा में ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत विद्यार्थियों को किया जागरूक, बाल अधिकारों और साइबर सुरक्षा की दी जानकारी

चम्बा 27 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), चम्बा की ओर से संचालित सप्ताहव्यापी ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के अंतर्गत पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, चम्बा में विशेष विधिक एवं बाल संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय प्रशासन की मेजबानी में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा, साइबर अपराध और कानूनी सहायता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारी रमणीक शर्मा तथा चाइल्ड हेल्पलाइन के जिला समन्वयक कपिल शर्मा ने मुख्य वक्ता के रूप में विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों, बाल शोषण की रोकथाम और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कानूनी पहलुओं के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी और सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली ब्लैकमेलिंग से बचने के उपाय भी समझाए।कपिल शर्मा ने महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के मिशन वात्सल्य के तहत संचालित टोल-फ्री चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की कार्यप्रणाली की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि अनाथ, दिव्यांग, स्कूल छोड़ चुके, बाल मजदूरी या बाल विवाह के जोखिम से प्रभावित तथा शारीरिक एवं मानसिक शोषण का सामना कर रहे बच्चों की सहायता के लिए इस हेल्पलाइन पर संपर्क किया जा सकता है। सहायता मांगने वाले की पहचान गोपनीय रखने की व्यवस्था के बारे में भी बताया गया।विद्यार्थियों को साइबर अपराध की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा नालसा की निःशुल्क विधिक सहायता हेल्पलाइन 15100 की जानकारी भी दी गई।इस दौरान पुलिस विभाग की ओर से एएसआई निखिल कुमार और महिला एएसआई ने महिला एवं बाल सुरक्षा, व्यक्तिगत सुरक्षा तथा साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने के बारे में जागरूक किया। लीगल एड डिफेंस काउंसिल, चम्बा के प्रतिनिधि ने निःशुल्क कानूनी सहायता और विधिक अधिकारों की जानकारी दी।विद्यालय के प्रधानाचार्य कुलदीप ठाकुर ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों से प्राप्त जानकारी को व्यवहार में अपनाने और सजग नागरिक बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम में शिक्षकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।