भारतीय लेखा सेवा प्रशिक्षु अधिकारियों ने उपायुक्त शिमला से की शिष्टाचार भेंट

भारतीय लेखा सेवा प्रशिक्षु अधिकारियों ने उपायुक्त शिमला से की शिष्टाचार भेंट

शिमला, 30 जुलाई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस( ब्यूरो )

राष्ट्रीय लेखा परीक्षा एवं लेखा अकादमी शिमला में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे भारतीय लेखा परीक्षा एवं लेखा सेवा (IA&AS) 2024 बैच के प्रशिक्षु अधिकारियों ने मंगलवार को उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस बैच में देश के विभिन्न राज्यों के 19 अधिकारी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, जिनमें दो प्रशिक्षु भूटान से हैं।उपायुक्त ने अधिकारियों को जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली, विकासात्मक योजनाओं और प्रशासनिक चुनौतियों की जानकारी दी। चर्चा के दौरान राजस्व संबंधी विषयों, दस्तावेज़ पंजीकरण प्रणाली, लेखा परीक्षा (ऑडिट), डिजिटलीकरण और लोक प्रशासन में आचरण जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी विस्तार से संवाद हुआ। उपायुक्त ने पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहित को प्रशासन की प्राथमिकता बताया।

प्रशिक्षु अधिकारियों ने जिला प्रशासन की योजनाओं, बजट प्रबंधन और निगरानी प्रणाली को लेकर गहरी रुचि दिखाई और उपायुक्त से अनेक सवाल पूछे। उन्होंने शिमला जिले में चल रही ‘पहाड़ी आंगन’ पहल की भी सराहना की, जो बांटनी कैसल में संचालित की जा रही है। इसके अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को बढ़ावा दिया जा रहा है।उपायुक्त ने प्रशिक्षुओं की मांग पर लेखा अकादमी में भी इन उत्पादों को उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।समापन पर उपायुक्त अनुपम कश्यप ने सभी प्रशिक्षु अधिकारियों को पारंपरिक हिमाचली शॉल और टोपी भेंट कर सम्मानित किया।इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त अभिषेक वर्मा, एडीएलआर डॉ राखी सिंह, तहसीलदार अपूर्व शर्मा सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!