चुराह के युवा चिकित्सक डॉ. अवधेश पंडित को दिल्ली में मिला ‘अवार्ड ऑफ एक्सीलेंस’, क्षेत्र का बढ़ाया गौरव

नई दिल्ली 2 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
जिला चंबा के चुराह क्षेत्र के डोभ गांव निवासी युवा चिकित्सक डॉ. अवधेश पंडित ने अपनी उत्कृष्ट सेवाओं और चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के दम पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्हें नई दिल्ली स्थित एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान प्रतिष्ठित ‘अवार्ड ऑफ एक्सीलेंस’ से सम्मानित किया गया। उनकी इस उपलब्धि से चुराह सहित पूरे चंबा जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।डॉ. अवधेश पंडित वर्तमान में आईएमए आयुष (IMA Ayus) जिला चंबा के अध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसके साथ ही वह भंजराड़ू स्थित डॉ. अवधेश मेडिसिटी एंड पंचकर्मा हॉस्पिटल के निदेशक एवं मुख्य चिकित्सक भी हैं। चिकित्सा क्षेत्र में उनके समर्पण, कार्यशैली और समाज के प्रति सेवा भाव को इस सम्मान के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

डॉ. पंडित का योगदान केवल अस्पताल तक सीमित नहीं रहा है। उन्होंने वर्ष 2022 से 2025 तक सांसद मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से चुराह के दुर्गम और दूरदराज के क्षेत्रों में लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान ग्रामीणों को निःशुल्क चिकित्सा परामर्श, दवाइयां और रक्त जांच जैसी आवश्यक सुविधाएं प्रदान की गईं। उनके इस प्रयास से उन लोगों को भी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला, जिन्हें भौगोलिक परिस्थितियों के कारण उपचार के लिए दूर जाना पड़ता था।इस उपलब्धि पर डॉ. अवधेश पंडित ने सम्मान का श्रेय अपने मार्गदर्शकों, सहयोगियों और शुभचिंतकों को देते हुए कहा कि यह पुरस्कार उन्हें भविष्य में भी समाज और मानवता की सेवा के लिए प्रेरित करेगा।डोभ गांव से निकलकर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सम्मान हासिल करना चुराह क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उनकी इस सफलता पर क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।