चुवाड़ी में केंद्रीय टीम ने लिया मानसून आपदा से हुए नुकसान का जायजा

चुवाड़ी/ चम्बा, 28 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
मानसून-2026 के दौरान फ्लैश फ्लड, बाढ़, भूस्खलन और बादल फटने से हुए नुकसान का मौके पर आकलन करने हिमाचल प्रदेश के दौरे पर पहुंची अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय टीम (आईएमसीटी) ने शनिवार को चुवाड़ी में जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक की अध्यक्षता गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव (आपदा प्रबंधन-II) एवं आईएमसीटी अध्यक्ष एम. रामचंद्रुडु ने की।
बैठक का संचालन अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा ने किया। इस दौरान केंद्रीय टीम को प्रस्तुतीकरण के माध्यम से चंबा जिला में मानसून-2026 के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी दी गई।

अधिकारियों ने सड़क, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, मकानों एवं अन्य भवनों को हुए नुकसान के साथ-साथ जन-धन की हानि, कृषि, पशुपालन और शिक्षा क्षेत्र पर पड़े प्रभाव की जानकारी साझा की। इसके अलावा प्रभावित क्षेत्रों में चलाए गए राहत एवं पुनर्स्थापना कार्यों की प्रगति से भी टीम को अवगत करवाया गया।
बैठक के बाद केंद्रीय टीम ने भटियात क्षेत्र के विभिन्न आपदा प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। टीम ने कालीघार, टिकर गला सहित अन्य प्रभावित स्थलों का दौरा कर आपदा से हुए नुकसान का जायजा लिया। अधिकारियों ने टीम सदस्यों को मौके पर किए जा रहे राहत एवं पुनर्स्थापना कार्यों की जानकारी भी दी।
आईएमसीटी सदस्यों ने प्रभावित क्षेत्रों की वास्तविक स्थिति का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों से नुकसान, राहत कार्यों और पुनर्स्थापना की प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी प्राप्त की।

केंद्रीय टीम में जल शक्ति मंत्रालय के केंद्रीय जल आयोग के निदेशक प्रकाश चंद, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के गेहूं विकास निदेशालय गुरुग्राम के निदेशक डॉ. सुभाष चंद्रा, ग्रामीण विकास मंत्रालय के निदेशक रामावतार मीणा, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अधिशासी अभियंता शाश्वत मोहपात्रा, वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग के उप निदेशक कनव दुआ तथा एनआरएससी, इसरो के वैज्ञानिक डॉ. शशिवर्धन रेड्डी शामिल रहे।
बैठक में अतिरिक्त सचिव राजस्व सुनील वर्मा, एसडीएम भटियात मनीष सोनी, तहसीलदार जय चंद, डीएफओ डॉ. कुलदीप जमवाल, बीडीओ अनिल गुराडा, अधिशासी अभियंता राकेश ठाकुर, नरेंद्र चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।