जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति की समीक्षा बैठक आयोजित, छोटे व्यापारियों और किसानों को ऋण सुविधा पर ज़ोर

जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति की समीक्षा बैठक आयोजित, छोटे व्यापारियों और किसानों को ऋण सुविधा पर ज़ोर

चंबा/डलहौजी 9 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिला मुख्यालय चंबा में सोमवार को जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति की त्रैमासिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने की। बैठक में वित्तीय वर्ष 2024-25 की अंतिम तिमाही की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक की शुरुआत में उपायुक्त एवं समिति अध्यक्ष मुकेश रेपसवाल द्वारा विधानसभा अध्यक्ष का स्वागत कर सम्मानित किया गया।

अग्रणी जिला प्रबंधक डी.सी. चौहान ने बताया कि इस वर्ष के लिए ₹1410.41 करोड़ का वार्षिक ऋण लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसके मुकाबले जिले ने ₹1637.22 करोड़ का वितरण कर 116.10% उपलब्धि हासिल की है। बावजूद इसके, पठानिया ने चिंता व्यक्त की कि जिले में ₹7338.41 करोड़ की जमा राशि के मुकाबले ऋण वितरण कम है, जिससे ऋण-जमा अनुपात संतुलित नहीं है।

उन्होंने बैंकों से आग्रह किया कि वे छोटे व्यापारियों, उद्यमियों और किसानों को आसानी से ऋण उपलब्ध करवाएं। उन्होंने उन लोगों के लिए भी सहानुभूतिपूर्ण नीति बनाने को कहा जो बीमारी या कमाने वाले की मृत्यु के कारण ऋण चुकाने में असमर्थ हैं। साथ ही सभी किसानों को कृषि क्रेडिट कार्ड से जोड़ने और सरकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

चंबा विधायक नीरज नैयर ने भी बैंकों द्वारा छोटे ऋण ग्राहकों की अनदेखी पर चिंता जताई और सहानुभूतिपूर्ण सेवा की मांग की। आरबीआई शिमला के एलडीओ आशीष सांगरा ने डिजिटल साक्षरता बढ़ाने और सभी क्षेत्रों में संतुलित ऋण वितरण पर ज़ोर दिया।

बैठक के पश्चात विधानसभा अध्यक्ष बनीखेत लोक निर्माण विभाग के विश्रामगृह पहुंचे, जहां दोपहर का खाना खाने के उपरांत उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों संग प्रगतिशील कार्यों पर चर्चा की। इस अवसर पर एसडीएम डलहौजी अनिल भारद्वाज, पुलिस और विभिन्न विभागों के आला अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!