डलहौज़ी में आयकर विभाग व होटल एसोसिएशन के बीच बैठक, कर जागरूकता पर दिया गया जोर

डलहौज़ी में आयकर विभाग व होटल एसोसिएशन के बीच बैठक, कर जागरूकता पर दिया गया जोर

डलहौज़ी/चम्बा 10 दिसंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

आयकर विभाग, डलहौज़ी द्वारा आज होटल एसोसिएशन डलहौज़ी के कार्यकारी सदस्यों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक का उद्देश्य होटल व्यवसाय से जुड़े करदाताओं को आयकर संबंधी नियमों, दायित्वों और समय पर कर भुगतान को लेकर जागरूक करना रहा।बैठक को डलहौज़ी के आयकर अधिकारी विनीत कुमार ने संबोधित किया। उन्होंने बताया कि यह जागरूकता कार्यक्रम आयकर प्रधान आयुक्त-1, चंडीगढ़, शालिनी भार्गव कौशल तथा आयकर अतिरिक्त आयुक्त, शिमला रेंज, श्रीधर डोरा के निर्देशन में आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि विभाग करदाताओं को सही मार्गदर्शन देने के लिए निरंतर इस प्रकार की बैठकों का आयोजन कर रहा है, ताकि कर प्रणाली में पारदर्शिता और विश्वास बना रहे।बैठक में अग्रिम कर के समय पर भुगतान की अहमियत पर विशेष चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि स्व-मूल्यांकन कर की तुलना में अग्रिम कर को प्राथमिकता देना करदाताओं के लिए लाभकारी होता है, जिससे अंतिम समय की परेशानी और ब्याज से बचा जा सकता है।

इसके साथ ही रिटर्न दाखिल करते समय गलत कटौतियों अथवा अनुचित छूटों का दावा न करने तथा आम त्रुटियों से बचने पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।इसके अतिरिक्त शिकायत निवारण तंत्र की प्रक्रिया, करदाताओं के अधिकारों एवं दायित्वों, तथा विभाग से संबंधित विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं की जानकारी भी प्रतिभागियों को दी गई। बैठक में उपस्थित होटल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी अधिकारियों से प्राप्त किया।प्रतिभागियों ने आयकर विभाग की इस पहल की सराहना की तथा यह संकल्प लिया कि वे समय पर सही रिटर्न दाखिल करेंगे और नियमानुसार कर का भुगतान सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि कर भुगतान केवल कानूनी जिम्मेदारी नहीं बल्कि देश के विकास और राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!