डलहौजी हिलटॉप स्कूल की वार्षिक एथलेटिक मीट में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, वर्ड्सवर्थ सदन बना विजेता

डलहौजी हिलटॉप स्कूल की वार्षिक एथलेटिक मीट में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, वर्ड्सवर्थ सदन बना विजेता

डलहौजी/ चम्बा 07 नवम्बर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

डलहौजी हिलटॉप स्कूल में वार्षिक एथलेटिक मीट 2026 का भव्य आयोजन उत्साह और खेल भावना के साथ किया गया। हिमालय की सुरम्य पर्वत श्रृंखलाओं की पृष्ठभूमि में आयोजित इस खेल समारोह में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, शारीरिक क्षमता, अनुशासन और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में विद्यालय के चार सदनों शेक्सपियर, डिकेन्स, कीट्स और वर्ड्सवर्थ के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।एथलेटिक मीट के दौरान विभिन्न ट्रैक एवं फील्ड प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें 25 मीटर, 50 मीटर और 400 मीटर दौड़ के अलावा रिले रेस प्रमुख रहीं। वहीं लॉन्ग जंप, हाई जंप, ट्रिपल जंप, जैवलिन थ्रो, शॉट पुट और डिस्कस थ्रो में भी विद्यार्थियों ने अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया। इसके अतिरिक्त तीन टांगों वाली दौड़ और मनोरंजक जलेबी रेस ने आयोजन में विशेष आकर्षण जोड़ा। इन प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यार्थियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।प्रतियोगिता में इरफान अली ने सीनियर बॉयज वर्ग, एहतेशाम ने जूनियर बॉयज वर्ग और माही शर्मा ने गर्ल्स वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान हासिल किए।

उनकी उपलब्धियों की विद्यालय प्रबंधन और उपस्थित विद्यार्थियों ने सराहना की। वहीं, सभी सदनों के बीच कड़े मुकाबले के बाद वर्ड्सवर्थ सदन ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की।इस अवसर पर विद्यालय की अध्यक्ष डॉ. पूनम धवन ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि शिक्षा केवल कक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल भी बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और चुनौतियों का सामना करने का साहस विकसित होता है। उन्होंने कहा कि मैदान में उतरकर प्रयास करने वाला प्रत्येक विद्यार्थी विजेता है, चाहे उसे पदक मिले या नहीं।उन्होंने कहा कि विद्यालय में शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ शारीरिक स्वास्थ्य और खेल गतिविधियों को भी समान महत्व दिया जाता है। वार्षिक एथलेटिक मीट ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के माध्यम से आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!