स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत उपायुक्त ने की सफाई, रावी किनारे और सुल्तानपुर क्षेत्र से कचरा एकत्रित

चम्बा, 26 सितम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
“स्वच्छता ही सेवा अभियान 2025” के तहत आज सुबह उपायुक्त चम्बा मुकेश रेपसवाल ने स्वयं नगर परिषद चम्बा के अधिकारियों और सफाई कर्मचारियों के साथ मिलकर सफाई अभियान में भाग लिया। यह अभियान प्रातः 7 बजे रावी नदी के किनारे और सुल्तानपुर क्षेत्र में चलाया गया, जिसमें लगभग 100 लोगों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।करीब दो घंटे तक चले इस अभियान के दौरान नदी तट और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी मात्रा में कचरा एकत्रित किया गया। इस पहल का उद्देश्य न केवल क्षेत्र की सफाई करना था, बल्कि लोगों में स्वच्छता को लेकर जागरूकता फैलाना भी था। अभियान के दौरान लोगों को स्वच्छ वातावरण और स्वस्थ समाज के बीच गहरे संबंध के बारे में संदेश दिया गया।

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने इस अवसर पर कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ समाज का निर्माण तभी संभव है जब इसमें आम नागरिक बढ़-चढ़कर अपनी जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने अपील की कि लोग अपने घरों, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई सुनिश्चित करें और “स्वच्छ चम्बा – स्वस्थ चम्बा” के संकल्प को साकार करने में सहयोग दें।

इस अभियान में वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी राखी कौशल, नगर परिषद की उपाध्यक्ष सीमा कश्यप, पार्षद सीमा कुमारी, उर्मिला जसरोटिया, खालिद मिर्ज़ा, कनिष्ठ अभियंता नीतिका ठाकुर सहित नगर परिषद के अधिकारी और सफाई कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।जनभागीदारी से सम्पन्न इस अभियान ने साफ-सफाई के महत्व का सशक्त संदेश दिया और लोगों को यह प्रेरणा भी दी कि स्वच्छता केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
