श्री मणिमहेश यात्रा तीन दिनों में 12 हज़ार से अधिक श्रद्धालु चंबा से हुए रवाना, प्रशासन ने सुनिश्चित की निःशुल्क परिवहन सुविधा

चंबा, 31 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
श्री मणिमहेश यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं के लिए जिला प्रशासन ने निःशुल्क परिवहन सुविधा उपलब्ध करवा कर बड़ी राहत दी है। उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने जानकारी दी कि बीते तीन दिनों में लगभग 12 हज़ार से अधिक श्रद्धालु चंबा से अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो चुके हैं। इसके लिए हिमाचल प्रदेश राज्य पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बसों के माध्यम से श्रद्धालुओं को नूरपुर, पठानकोट और भदरवाह तक मुफ्त यात्रा सुविधा प्रदान की जा रही है।रेपसवाल ने बताया कि चंबा चौगान में पिछले कुछ दिनों से ठहरे जम्मू-कश्मीर से आए श्रद्धालु भी अब लौट चुके हैं। इनमें रामबन जिले का 11 सदस्यीय परिवार भी शामिल है, जिसे एचआरटीसी की विशेष बस से सुरक्षित रूप से पठानकोट भेजा गया। उन्होंने कहा कि कुछ श्रद्धालु अब भी अपने मित्रों और परिचितों के पास चंबा में हो सकते हैं, जबकि जम्मू-कश्मीर से छड़ी यात्रा या लंगर सेवा के साथ आए श्रद्धालुओं के वाहन, जो पुलिस ग्राउंड बारगाह में खड़े थे, भी अपने गंतव्य की ओर रवाना हो चुके हैं।यात्रा से पैदल लौट रहे श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, ठहरने, भोजन और परिवहन की पुख्ता व्यवस्था की है। उपायुक्त ने बताया कि भरमौर-चंबा राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर अलग-अलग स्थानों पर अधिकारियों को तैनात किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा का पूरा ध्यान रखा जा सके।प्रशासन की ओर से की गई इन व्यवस्थाओं ने श्रद्धालुओं को न सिर्फ सुरक्षित यात्रा का भरोसा दिलाया है, बल्कि उन्हें बिना किसी आर्थिक बोझ के अपने घर लौटने में भी मदद की है।