परवाणू में तेज रफ्तार कार ने तीन मजदूरों को कुचला, एक की मौत, दो घायल

परवाणू में तेज रफ्तार कार ने तीन मजदूरों को कुचला, एक की मौत, दो घायल

टीटीआर के समीप डिवाइडर से टकराकर दूसरी लेन में पहुंची कार, सड़क पर काम कर रहे मजदूर आए चपेट में

परवाणू / सोलन 10 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

परवाणू के टीटीआर के समीप मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब सोलन से चंडीगढ़ की ओर जा रही पंजाब नंबर की एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर दूसरी लेन में जा पहुंची। इस दौरान सड़क पर काम कर रहे तीन मजदूर कार की चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।जानकारी के अनुसार कार नंबर पीबी-02-बीए-6861 सोलन की तरफ से चंडीगढ़ की ओर जा रही थी। टीटीआर के समीप अचानक चालक कार पर नियंत्रण खो बैठा। इसके चलते कार डिवाइडर से टकराने के बाद दूसरी लेन में पहुंच गई। उस समय सड़क पर तीन मजदूर काम कर रहे थे। अनियंत्रित कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

अचानक हुए इस हादसे के कारण मजदूरों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।हादसे में तीनों मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय स्तर पर मदद मिलने के बाद घायलों को उपचार के लिए ईएसआई अस्पताल परवाणू पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने एक मजदूर को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 65 वर्षीय सुकाड़ी ऋषि निवासी पूर्णिया, बिहार के रूप में हुई है। वहीं, अन्य दो घायल मजदूरों का अस्पताल में उपचार किया गया।डीएसपी परवाणू अनिल शर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है तथा हादसे से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। इस दर्दनाक घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!