पूलन पंचायत में कथित अवैध शराब की खेप मिलने के बाद दुकान का ताला टूटा मिला, प्रधान अंग्रेज कपूर ने पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल

पूलन पंचायत में कथित अवैध शराब की खेप मिलने के बाद दुकान का ताला टूटा मिला, प्रधान अंग्रेज कपूर ने पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल

भरमौर/ चम्बा 03 नवंबर चम्बा एक्सप्रेस (ब्यूरो)

ग्राम पंचायत पूलन में कथित तौर पर अवैध शराब की पेटियां मिलने और कुछ घंटों बाद संबंधित दुकान का ताला टूटा हुआ पाए जाने का मामला सामने आया है। इस घटनाक्रम को लेकर पंचायत प्रधान अंग्रेज कपूर ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से स्पष्ट करने को कहा है कि दुकान में रखी शराब की पेटियां कहां गईं और इस मामले में अब तक क्या कार्रवाई की गई है।प्रधान अंग्रेज कपूर ने बताया कि वह ग्राम पंचायत पूलन में वार्ड सदस्यों और पंचायत के लोगों के साथ ग्रामसभा की बैठक में मौजूद थे। इसी दौरान सुबह करीब 11 बजे उन्हें भरमौर पुलिस की ओर से फोन आया। पुलिस ने सूचना दी कि पंचायत क्षेत्र की एक दुकान में कथित रूप से अवैध शराब की पेटियां रखी हुई हैं।

सूचना मिलने के बाद वह पुलिस को सहयोग देने के उद्देश्य से मौके पर पहुंचे।उन्होंने बताया कि संबंधित दुकान पंचायत घर से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। दुकान के शटर के नीचे से देखने पर उन्हें अंदर शराब की पेटियां रखी हुई दिखाई दीं। इसके बाद उन्होंने पुलिस को मामले की जांच में पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया। मौके पर पुलिस और शराब यूनिट के ठेकेदार के बीच काफी देर तक बातचीत भी होती रही। प्रधान ने पुलिस से मामले की गहनता से जांच करने का आग्रह किया और कहा कि दुकान का ताला खोलने या तोड़ने की आवश्यकता पड़ने पर उन्हें भी मौके पर बुलाया जाए।प्रधान के अनुसार, दोपहर करीब 3:30 बजे जब वह वार्ड सदस्यों के साथ पंचायत घर से वापस लौट रहे थे तो उन्होंने संबंधित दुकान का ताला टूटा हुआ पाया।

इस पर उन्होंने तुरंत पुलिस को फोन कर शराब की बरामदगी के बारे में जानकारी मांगी। उनका आरोप है कि पुलिस की ओर से बताया गया कि वे किसी अन्य मामले को देखने चले गए हैं और शराब की बरामदगी नहीं हुई है।प्रधान ने सवाल उठाया कि यदि दुकान में शराब की पेटियां मौजूद थीं तो वे कहां चली गईं? क्या मामले में एफआईआर दर्ज की गई है? उन्होंने पुलिस प्रशासन से पूरे घटनाक्रम की पारदर्शी जांच करवाने और दोषियों की पहचान कर उनके नाम सार्वजनिक करने की मांग की है, ताकि पंचायत की जनता के सामने मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!