बनीखेत पुलिस की त्वरित कार्रवाई, चोरी के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद

बनीखेत पुलिस की त्वरित कार्रवाई, चोरी के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद

डलहौजी/चंबा 10 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

बनीखेत पुलिस चौकी ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए चोरी की एक बड़ी वारदात का सफलतापूर्वक खुलासा किया है। स्थानीय पुलिस को यह सफलता उस समय हाथ लगी, जब सब-इंस्पेक्टर सुरजीत सिंह तथा एएसआई यशपाल की संयुक्त अगुवाई में गठित पुलिस टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान भी बरामद कर लिया।इस पूरे मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने की। उन्होंने बताया कि 31 जनवरी को बनीखेत क्षेत्र में चोरी की एक घटना सामने आई थी, जिसके बाद पुलिस थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 और 331(3) के तहत अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। मामला दर्ज होते ही पुलिस ने तत्परता से जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों व स्थानीय सूचना तंत्र के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई।

पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि चोरी की इस वारदात में वार्ड नंबर 4, धोबी मोहल्ला, बनीखेत निवासी दो युवक संलिप्त थे। इसके बाद पुलिस टीम ने 27 वर्षीय अमन कुमार उर्फ अम्मू पुत्र जरनैल सिंह और 28 वर्षीय लवली पुत्र मलकीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फिलहाल दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि कहीं इस चोरी के पीछे कोई और व्यक्ति या गिरोह तो शामिल नहीं है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने इससे पहले किसी अन्य चोरी की वारदात को अंजाम दिया है या नहीं।बनीखेत पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्रवासियों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की सक्रियता और तत्परता की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी अपराधों पर इसी तरह सख्ती से अंकुश लगाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!