बर्फ की चादर में लिपटी पर्यटन नगरी डलहौजी, देशभर से उमड़ रहे पर्यटक

बर्फ की चादर में लिपटी पर्यटन नगरी डलहौजी, देशभर से उमड़ रहे पर्यटक

डलहौजी/ चम्बा 03 फरवरी मुकेश कुमार ( गोल्डी)

जिला चंबा की प्रसिद्ध पर्यटन नगरी डलहौजी में बीते दिनों हुई भारी बर्फबारी के बाद क्षेत्र का नज़ारा पूरी तरह बदल गया है। बर्फबारी के चलते डलहौजी इस समय किसी यूरोपीय हिल स्टेशन, यहां तक कि स्विट्जरलैंड से भी अधिक खूबसूरत नजर आ रही है। चारों ओर फैली सफेद बर्फ की चादर ने डलहौजी की प्राकृतिक सुंदरता में चार चांद लगा दिए हैं, जिसे देखने के लिए देश के कोने-कोने से पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं।बर्फबारी के बाद डलहौजी की पूरी वादियां, पहाड़ियां, मकान, पेड़-पौधे और सड़क किनारे खड़ी गाड़ियां मोटी बर्फ से ढक गई हैं।

हर तरफ नजर आने वाले मनमोहक दृश्य पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। बर्फ से लकदक पहाड़ियों और शांत वादियों का दीदार कर पर्यटक खुद को प्रकृति के बेहद करीब महसूस कर रहे हैं। खासकर सुबह और शाम के समय बर्फ से ढकी वादियों पर पड़ती सूरज की किरणें अद्भुत दृश्य प्रस्तुत कर रही हैं।बर्फबारी के बाद से डलहौजी में पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। हजारों की संख्या में पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं, क्योंकि वे लंबे समय से बर्फबारी का इंतजार कर रहे थे। होटल, होम-स्टे और पर्यटन स्थलों पर रौनक लौट आई है, जिससे स्थानीय पर्यटन व्यवसाय को भी गति मिली है।

पर्यटक बर्फ के बीच फोटोग्राफी, सैर-सपाटा और प्राकृतिक नजारों का भरपूर आनंद ले रहे हैं। कई पर्यटकों का कहना है कि डलहौजी की यह यात्रा उनके लिए बेहद यादगार बन गई है। बर्फ से सजी-संवरी डलहौजी इन दिनों पर्यटकों की पहली पसंद बनी हुई है। स्थानीय लोगों और पर्यटन से जुड़े व्यवसायियों को भी आने वाले दिनों में अच्छी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!