बारिश के साथ लौटी ठंड, सैलानियों की भीड़ से गुलजार हुआ डलहौजी शहर

बारिश के साथ लौटी ठंड, सैलानियों की भीड़ से गुलजार हुआ डलहौजी शहर

डलहौजी चंबा 13 अप्रैल मुकेश कुमार ( गोल्डी)

अप्रैल के पहले सप्ताह में बारिश की दस्तक ने डलहौजी में एक बार फिर से ठंड का असर बढ़ा दिया है। मौसम के इस बदलाव ने प्रसिद्ध पर्यटन स्थल डलहौजी की रौनक फिर से लौटा दी है। ठंडक और खूबसूरत मौसम का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में सैलानी बाहरी राज्यों से डलहौजी पहुंच रहे हैं।

शुक्रवार से ही सैलानियों की आमद शुरू हो गई थी, जो अब तक लगातार बढ़ रही है।डलहौजी, बनीखेत और बाथरी के लगभग सभी होटल पूर्ण रूप से बुक हो चुके हैं। इस कारण स्थानीय व्यापारियों और होटल व्यवसायियों के चेहरे खिले नजर आ रहे हैं। शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर चहल-पहल साफ नजर आ रही है।

भीड़भाड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस को अतिरिक्त प्रयास करने पड़े। थाना प्रभारी जगबीर सिंह ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए ट्रैफिक को व्यवस्थित किया, जिससे सैलानियों को जाम जैसी समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ा।रात के समय गांधी चौक, सुभाष चौक और माल रोड जैसे स्थानों पर सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ी रही।

दुकानों पर खरीदारी और स्थानीय व्यंजनों का आनंद लेते हुए पर्यटक डलहौजी की ठंडक और प्राकृतिक सौंदर्य का भरपूर लुत्फ उठा रहे हैं। इससे स्थानीय छोटे-बड़े दुकानदार भी काफी प्रसन्न नजर आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!