
डलहौजी/ चम्बा 25 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
शिक्षा खंड बनीखेत के अंतर्गत आने वाले राजकीय उच्च विद्यालय बैली के विद्यार्थियों ने बुधवार को बोंखरी मोड़ स्थित बट्ट कॉलेज ऑफ नर्सिंग तथा बट्ट आईटीआई का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को नर्सिंग और तकनीकी शिक्षा से जुड़े विभिन्न पाठ्यक्रमों, प्रयोगशालाओं तथा प्रशिक्षण प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को व्यावसायिक शिक्षा के महत्व से अवगत कराना और उन्हें भविष्य के करियर विकल्पों के प्रति जागरूक करना था।संस्थान पहुंचने पर विद्यार्थियों का स्वागत संस्थान के चेयरमैन परवेज अली बट्ट ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय प्रतिस्पर्धा का दौर है, जिसमें केवल पारंपरिक शिक्षा ही नहीं बल्कि कौशल आधारित और व्यावसायिक शिक्षा भी अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने कहा कि नर्सिंग, पैरामेडिकल और आईटीआई ट्रेड्स के क्षेत्र में आज युवाओं के लिए रोजगार की अनेक संभावनाएं उपलब्ध हैं। यदि विद्यार्थी अपने लक्ष्य स्पष्ट रखें और मेहनत के साथ आगे बढ़ें तो वे इन क्षेत्रों में बेहतर भविष्य बना सकते हैं।भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने नर्सिंग कॉलेज की अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं, प्रशिक्षण कक्षों तथा मॉडल डेमो यूनिट का अवलोकन किया। फैकल्टी सदस्यों ने विद्यार्थियों को मरीजों की देखभाल, प्राथमिक उपचार, आपातकालीन सेवाओं तथा स्वास्थ्य सेवाओं में नर्सिंग की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही आईटीआई संस्थान में विद्यार्थियों को विभिन्न ट्रेड्स, आधुनिक उपकरणों तथा प्रैक्टिकल प्रशिक्षण की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं। इससे विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों तक सीमित ज्ञान से आगे बढ़कर व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होता है। साथ ही उन्हें अपने करियर के प्रति स्पष्ट दिशा और प्रेरणा मिलती है ।