भरमौर में 1 से 15 नवंबर तक मनाया जाएगा जनजातीय गौरव दिवस, पंचायतों में लगेंगे जागरूकता शिविर

भरमौर में 1 से 15 नवंबर तक मनाया जाएगा जनजातीय गौरव दिवस, पंचायतों में लगेंगे जागरूकता शिविर

भरमौर/ चम्बा 28 अक्टूबर चंबल न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में उपमंडल भरमौर में 1 से 15 नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान जनजातीय क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में विभागीय जागरूकता शिविर लगाकर ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, सुविधाओं और विभिन्न विभागों की सेवाओं की जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रमों के सफल आयोजन को लेकर मंगलवार को लघु सचिवालय भरमौर में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (एडीएम) भरमौर विकास शर्मा ने की।बैठक में जनजातीय गौरव दिवस के तहत आयोजित की जाने वाली गतिविधियों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। इस दौरान संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए। अभियान का मुख्य उद्देश्य जनजातीय क्षेत्र के लोगों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करना है।अभियान के अंतर्गत कृषि, बागवानी, मत्स्य, स्वास्थ्य, वन और आयुष विभाग सहित अन्य संबंधित विभाग पंचायत स्तर पर जागरूकता शिविर आयोजित करेंगे। इन शिविरों में ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं, पात्रता संबंधी प्रावधानों और उपलब्ध सेवाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी। इससे लोगों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया समझने और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों से संपर्क करने में मदद मिलेगी।

15 नवंबर को होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रमजनजातीय गौरव दिवस के समापन अवसर पर 15 नवंबर को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भरमौर, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) भरमौर और राजकीय महाविद्यालय भरमौर के विद्यार्थियों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से क्षेत्र की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक रीति-रिवाजों और गौरवशाली विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा।बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियों और जिम्मेदारियों पर भी चर्चा की।इस अवसर पर तहसीलदार भरमौर तेज राम भारद्वाज, डीएफओ रजनीश महाजन, बीएमओ डॉ. दीपेश बराल, जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता विवेक चंदेल, कृषि विषयवाद विशेषज्ञ जितेंद्र कुमार, बागवानी विषयवाद विशेषज्ञ मनोहर लाल, तहसील कल्याण अधिकारी विकास, सीडीपीओ मुनीश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!