एसबीआई के सहायक प्रबंधक जगमोहन ठाकुर ने विद्यार्थियों को दी महत्वपूर्ण जानकारियां, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विजेताओं को किया सम्मानित

डलहौजी/चंबा 1 नवंबरचंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नगाली में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण और बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान भारतीय स्टेट बैंक के सहायक प्रबंधक जगमोहन ठाकुर ने विद्यार्थियों को ई-कचरा प्रबंधन एवं साइबर सुरक्षा विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की।कार्यक्रम के दौरान जगमोहन ठाकुर ने ई-कचरे के बढ़ते दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग करने के बाद उन्हें खुले में फेंकना पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को पुराने मोबाइल फोन, कंप्यूटर, बैटरी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उचित निपटान करने तथा अधिकृत ई-कचरा संग्रहण केंद्रों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ई-कचरे का वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन करना पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

इसके साथ ही उन्होंने वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों के बारे में जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए। उन्होंने अनजान लिंक पर क्लिक न करने, किसी के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी और पासवर्ड साझा न करने तथा सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने की सलाह दी। उन्होंने विद्यार्थियों को डिजिटल लेनदेन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के लिए भी प्रेरित किया।कार्यक्रम के दौरान ई-कचरा प्रबंधन और साइबर सुरक्षा विषयों पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें विद्यालय के चारों सदनों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी जानकारी और जागरूकता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के समापन पर विद्यालय के प्रधानाचार्य संदीप राज राठौर ने विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य संदीप राज राठौर ने सहायक प्रबंधक जगमोहन ठाकुर का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों से कार्यक्रम में प्राप्त जानकारी को अपने दैनिक जीवन में अपनाने तथा परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।