लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने टूटू व मज्याठ में विकास कार्यों का किया निरीक्षण

शिमला, 23 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज टूटू और मज्याठ क्षेत्रों में विभिन्न विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इस अवसर पर तवी मोड़ पर स्थानीय लोगों ने मंत्री का भव्य स्वागत किया और चौक निर्माण की मांग रखी। लोगों ने बताया कि बरसात के दौरान सड़क की खराब ड्रेनेज व्यवस्था से उनके घरों में पानी भर जाता है। मंत्री ने एनएचएआई अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश दिए कि चौक के बीच में गुमटी बनाई जाए और उस पर आवश्यक साइनेज लगाए जाएं ताकि वाहन चालकों को स्पष्ट दिशा-निर्देश मिल सकें।

मंत्री ने तवी मोड़ से एनएच तक निर्माणाधीन ड्रेन का कार्य और पावर हाउस के पास रेन शेल्टर के समीप साइनेज लगाने के कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने न्यू टूटू में बिजली बोर्ड कार्यालय के पास प्रस्तावित पार्किंग स्थल के संबंध में बोर्ड अधिकारियों को विस्तृत रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए।
आयुर्वेदिक हेल्थ सेंटर के लिए भूमि चयन पर भी चर्चा हुई। वर्तमान में यह केंद्र निजी भवन में संचालित हो रहा है और इस वार्ड में कोई स्थायी स्वास्थ्य केंद्र नहीं है। मंत्री ने राजस्व विभाग को उपयुक्त भूमि चयन के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त, मंत्री ने टूटू में प्रस्तावित कम्युनिटी सेंटर कम पार्किंग के नक्शे को शीघ्र तैयार करने के निर्देश लोक निर्माण विभाग को दिए। उन्होंने मज्याठ रेन शेल्टर, विजय नगर से शिव नगर तक सड़क, देव नगर पार्किंग स्थल और तवी से मज्याठ मार्ग तक चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
मंत्री ने कहा कि दोनों वार्ड उनके विधानसभा क्षेत्र में आते हैं और यहां करोड़ों रुपये की विकास योजनाएं प्रगति पर हैं। लोक निर्माण विभाग पार्किंग निर्माण हेतु नगर निगम से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त होते ही कार्य शुरू करेगा। उन्होंने बताया कि टूटू में पहले ही एक बहुमंजिला पार्किंग जनता को समर्पित की जा चुकी है।

इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त भूपिंदर अत्री, पार्षद अनीता शर्मा, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल शर्मा, पूर्व पार्षद दिवाकर शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।