शांति व्यवस्था सुदृढ़ एवं नशे पर लगाम लगाने हेतु डलहौजी पुलिस की नियमित गश्त तेज

डलहौजी/चम्बा 11 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
डलहौजी क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था को बनाए रखने के उद्देश्य से डलहौजी पुलिस द्वारा नियमित गश्त को और अधिक तेज कर दिया गया है। पुलिस की इस सक्रिय पहल के तहत क्षेत्र के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है। नियमित गश्त के माध्यम से पुलिस न केवल लोगों को सतर्क कर रही है, बल्कि असामाजिक तत्वों पर भी प्रभावी अंकुश लगाने में सफल होती दिखाई दे रही है।पुलिस द्वारा की जा रही इस कार्रवाई का सबसे सकारात्मक असर नशे से जुड़े मामलों पर देखने को मिल रहा है। लगातार निगरानी और सख्ती के चलते नशेड़ियों व नशा तस्करों की गतिविधियों पर नकेल कसी गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की मौजूदगी से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल बना है और आमजन स्वयं को पहले से अधिक सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। इसके साथ ही पर्यटक क्षेत्र होने के कारण डलहौजी में आने वाले सैलानियों को भी इससे राहत मिलती दिखाई दे रही है।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी से बातचीत की गई। उन्होंने बताया कि नियमित गश्त पुलिस की रोजमर्रा की कार्यप्रणाली का अहम हिस्सा है। इससे न केवल कानून व्यवस्था मजबूत होती है, बल्कि समाज में कानून के प्रति सकारात्मक सोच भी विकसित होती है। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध पर नियंत्रण करना ही नहीं, बल्कि लोगों में सुरक्षा और विश्वास की भावना पैदा करना भी है।पुलिस अधीक्षक ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में भी गश्त और निगरानी को इसी तरह जारी रखा जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस और जनता के आपसी सहयोग से ही क्षेत्र में स्थायी शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना संभव है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पुलिस सेवा 24 घंटे सातों दिन लोगों की सेवा में तत्पर है।
