सीएंडवी अध्यापक संघ चंबा का प्रतिनिधिमंडल उपनिदेशक उच्च शिक्षा से मिला, शिक्षकों की मांगों को उठाया

सीएंडवी अध्यापक संघ चंबा का प्रतिनिधिमंडल उपनिदेशक उच्च शिक्षा से मिला, शिक्षकों की मांगों को उठाया

चम्बा 16 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)


राजकीय सीएंडवी अध्यापक संघ जिला चंबा का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को जिला अध्यक्ष संजय वर्मा की अध्यक्षता में उपनिदेशक उच्च शिक्षा विकास महाजन से मिला। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों से जुड़ी विभिन्न मांगों और समस्याओं को विस्तारपूर्वक उपनिदेशक के समक्ष रखा।
बैठक के दौरान संघ के पदाधिकारियों ने उपनिदेशक विकास महाजन का पुष्पगुच्छ, शाल और हिमाचली टोपी भेंट कर सम्मान किया।

इसके साथ ही कार्यालय के डीलिंग हैंड यशपाल और ओएसडी उमाकांत को भी शाल और टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने उपनिदेशक के समक्ष सीएंडवी अध्यापकों की कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। इनमें वरिष्ठता सूची को अपडेट करने, अध्यापकों की सेवाओं को शीघ्र कंफर्म करने, सभी शिक्षकों में प्रशासनिक चार्ज समान रूप से वितरित करने तथा 31 मार्च को अनुबंध अवधि पूरी कर रहे अध्यापकों को नियमित करने की मांग प्रमुख रूप से शामिल रही। उपनिदेशक विकास महाजन ने इन सभी मांगों को गंभीरता से सुना और संबंधित डीलिंग हैंड यशपाल को इन्हें नोट कर जल्द से जल्द निपटाने के निर्देश दिए।


इसके अलावा बैठक में सीएंडवी अध्यापकों को 20 वर्ष की सेवा के बाद मिलने वाली विशेष वेतन वृद्धि, कला विषय की पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता तथा एसएमसी शिक्षकों को जल्द से जल्द नियमित करने जैसे मुद्दों पर भी सार्थक चर्चा हुई। उपनिदेशक ने आश्वासन दिया कि इन मांगों को उच्च अधिकारियों के समक्ष भेजा जाएगा ताकि शिक्षकों की समस्याओं का समाधान किया जा सके।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में जिला अध्यक्ष संजय वर्मा के अलावा जिला महासचिव सुनील सूर्यवंशी, कोषाध्यक्ष राकेश शास्त्री और महामंत्री किशन चंद भी उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि प्रशासन जल्द ही इन मांगों पर सकारात्मक कदम उठाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!