कांगड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, HRTC बस में सवार दो आरोपियों से 50.88 ग्राम चिट्टा बरामद

कांगड़ा 15 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
जिला कांगड़ा पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को 50.88 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की CIA कांगड़ा टीम ने यह कार्रवाई बनोई पुल के समीप नाकाबंदी और चेकिंग के दौरान अमल में लाई।प्राप्त जानकारी के अनुसार CIA कांगड़ा की टीम नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान चम्बा से मनाली रूट पर जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस नंबर HP-73-4443 को जांच के लिए रोका गया। पुलिस टीम ने बस में सवार यात्रियों की तलाशी ली।

इस दौरान दो संदिग्धों के कब्जे से 50.88 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोनिका देवी (29) निवासी पालमपुर तथा अविनाश कुमार उर्फ कालू (18) निवासी तरनतारन, पंजाब के रूप में हुई है।पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना गगल में मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगामी जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी चिट्टा कहां से लेकर आए थे और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी। साथ ही नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।कांगड़ा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि वे अपने आसपास नशे से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखें तथा इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाया जा सके।