गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर निकली दूसरी प्रभात फेरी, भजन-कीर्तन से भक्तिमय हुआ वातावरण

डलहौजी / चम्बा 15 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश उत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित दूसरी प्रभात फेरी श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर प्रभात फेरी का आयोजन श्रीमती मृदु सोनी के निवास स्थान सागरिका रिजॉर्ट में किया गया, जहां संगत ने पूरे उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ भाग लिया।प्रातःकाल की पावन वेला में प्रभात फेरी के दौरान प्रभु के भजनों, गुरबाणी और संकीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। संगत ने गुरु नानक देव जी के जयकारे लगाते हुए प्रभात फेरी में हिस्सा लिया और गुरु वाणी का श्रवण कर आध्यात्मिक आनंद प्राप्त किया। प्रभात फेरी के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

भजन-कीर्तन के माध्यम से गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं, मानवता, प्रेम, समानता और सेवा के संदेश को याद किया गया।इस अवसर पर श्रीमती मृदु सोनी एवं उनके परिवार ने अपने निवास स्थान पर पहुंची संगत का गर्मजोशी और आत्मीयता के साथ स्वागत किया। परिवार के सदस्यों ने सेवा और समर्पण की भावना से सभी श्रद्धालुओं का सत्कार किया। संगत के लिए चाय-प्रसाद सहित विशेष जलपान की व्यवस्था भी की गई थी। परिवार के इस प्रेमपूर्ण व्यवहार और सेवा भावना की उपस्थित श्रद्धालुओं ने सराहना की।

प्रभात फेरी में शामिल संगत ने गुरु महाराज के चरणों में अरदास करते हुए सोनी परिवार पर सदैव अपनी कृपा बनाए रखने की कामना की। साथ ही परिवार के घर-आंगन में सुख, शांति, खुशहाली और समृद्धि का वास होने की प्रार्थना की गई।आयोजकों की ओर से इस पावन धार्मिक आयोजन में शामिल होकर प्रभात फेरी की शोभा बढ़ाने वाली समस्त संगत का हृदय से आभार व्यक्त किया गया। गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को लेकर क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना हुआ है।
