चाइल्ड हेल्पलाइन ने थनेई कोठी स्कूल में बच्चों को बाल अधिकारों, पॉक्सो एक्ट और करियर गाइडेंस के प्रति किया जागरूक

चुराह / चम्बा 03 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा की ओर से चुराह उपमंडल के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय थनेई कोठी में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अध्यापकों और स्कूल के अन्य कर्मचारियों को बाल अधिकारों, बाल संरक्षण, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, पॉक्सो अधिनियम तथा करियर गाइडेंस सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में करीब 250 विद्यार्थियों ने भाग लिया।इस दौरान चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा के जिला समन्वयक कपिल शर्मा और केस वर्कर चैन सिंह ने बच्चों को टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1098 की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने अनाथ एवं अर्ध-अनाथ बच्चों की समस्याओं, मानसिक, शारीरिक, भावनात्मक और यौन शोषण, बाल मजदूरी तथा बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक किया।

साथ ही बच्चों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी भी दी गई।कार्यक्रम में सोशल मीडिया के लाभ और नुकसान पर चर्चा करते हुए फेसबुक सहित अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर होने वाली ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग और साइबर उत्पीड़न से बचने के उपाय बताए गए। बच्चों को गुड टच-बैड टच तथा पॉक्सो अधिनियम 2012 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बाल शोषण की रोकथाम में अभिभावकों, अध्यापकों, पुलिस और अन्य संबंधित हितधारकों की भूमिका समझाई गई।इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को स्वच्छता, पोषण, चरित्र निर्माण, अनुशासन और लक्ष्य निर्धारण का महत्व बताया गया।

करियर गाइडेंस के तहत उन्हें भविष्य में उपलब्ध विभिन्न शैक्षणिक एवं व्यावसायिक विकल्पों की जानकारी दी गई। अध्यापकों से भी आग्रह किया गया कि वे समय-समय पर विद्यार्थियों को करियर के विभिन्न अवसरों से अवगत करवाएं, ताकि बच्चे अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार भविष्य का चुनाव कर सकें।कार्यक्रम की कार्यवाहक प्रधानाचार्या सरस्वती देवी, एसएमसी अध्यक्ष बिसू राम और अध्यापकों ने चाइल्ड हेल्पलाइन की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के सुरक्षित भविष्य और सर्वांगीण विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।इस अवसर पर अध्यापक राज कुमार, खेम राज, ध्यान सिंह, शिव नाथ, शैलजा शर्मा, हरमीत कौर चौधरी, ज्योति देवी, बीएड प्रशिक्षु गजेंद्र, स्कूल का नॉन टीचिंग स्टाफ तथा अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!