तेलका से टांडा मेडिकल कॉलेज के लिए बस सेवा शुरू करने की मांग, यूथ कमेटी ने परिवहन मंत्री को भेजा ज्ञापन

तेलका/ चम्बा 21 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
क्षेत्र के लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यूथ कमेटी तेलका ने तेलका से टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के लिए सीधी बस सेवा शुरू करने की मांग उठाई है। इस संबंध में कमेटी की ओर से प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री को ईमेल के माध्यम से ज्ञापन भेजकर जल्द बस सेवा शुरू करने की मांग की गई है।यूथ कमेटी का कहना है कि तेलका क्षेत्र से बड़ी संख्या में मरीज उपचार और स्वास्थ्य जांच करवाने के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल जाते हैं। लेकिन क्षेत्र से टांडा के लिए सीधी बस सुविधा उपलब्ध न होने के कारण मरीजों और उनके तीमारदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। विशेषकर गंभीर रूप से बीमार मरीजों, बुजुर्गों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बार-बार बसें बदलकर अस्पताल पहुंचना किसी चुनौती से कम नहीं है।कमेटी ने बताया कि इससे पहले भलेई दौरे के दौरान भी परिवहन मंत्री के समक्ष तेलका से टांडा के लिए बस सेवा शुरू करने की मांग रखी गई थी। उस दौरान लोगों को बस सेवा शुरू करने का आश्वासन मिला था, लेकिन काफी समय बीत जाने के बावजूद इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इससे क्षेत्रवासियों में निराशा है।यूथ कमेटी ने परिवहन मंत्री से आग्रह किया है कि लोगों की इस महत्वपूर्ण मांग को प्राथमिकता देते हुए तेलका से टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के लिए नियमित बस सेवा शुरू की जाए, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को राहत मिल सके।कमेटी ने स्पष्ट किया कि अब क्षेत्रवासियों को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर बस सेवा शुरू होने का इंतजार है। साथ ही लोगों से भी इस जनहित की मांग के समर्थन में अपनी प्रतिक्रिया देने और सोशल मीडिया पर पोस्ट को अधिक से अधिक साझा करने की अपील की है, ताकि सरकार तक क्षेत्र की आवाज पहुंच सके।