नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट में युवाओं को दिया नशामुक्ति का संदेश, लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति किया जागरूक

चम्बा, 14 नवम्बर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
मेरा युवा भारत (माय भारत), जिला युवा कार्यालय चम्बा की ओर से ब्लॉक चम्बा में नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक जिम्मेदारियों और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी के प्रति जागरूक करना रहा। इस दौरान युवाओं को नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में डाइट चम्बा की उप निदेशक श्रीमती उपमा शर्मा तथा प्रधानाचार्य श्रीमती नम्रता शर्मा ने विशेष रूप से शिरकत की। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा किसी भी देश की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। देश के उज्ज्वल भविष्य और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में सक्रिय भागीदारी निभाने और सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की चिकित्सकों की टीम ने ‘नशामुक्त युवा’ विषय पर विशेष जागरूकता व्याख्यान प्रस्तुत किया। इस दौरान युवाओं को नशे के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। चिकित्सकों ने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका गंभीर प्रभाव पड़ता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कार्यक्रम में स्लोगन बॉक्स भी स्थापित किया गया। इसके माध्यम से प्रतिभागियों को नशामुक्त भारत के समर्थन में अपने विचार, संदेश और प्रेरणादायक नारे प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया।

वक्ताओं ने कहा कि जागरूक, जिम्मेदार और नशामुक्त युवा ही सशक्त समाज तथा विकसित भारत की मजबूत नींव बन सकते हैं। माय भारत चम्बा की ओर से युवाओं में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक चेतना और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने के लिए इस तरह के कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं।