
सुंदरनगर/ मण्डी 04 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
मंडी जिले के सुंदरनगर में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नौलखा फ्लाईओवर के पास एक पिकअप वाहन से 116 पेटी अवैध बीयर बरामद की हैं। बरामद बीयर की पेटियों पर ‘सेल इन पंजाब’ अंकित पाया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध रूप से शराब की तस्करी करने वालों में हड़कंप मच गया है।जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना धनोटू की टीम नौलखा फ्लाईओवर के समीप गश्त एवं जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक पिकअप वाहन की गतिविधियों पर संदेह हुआ। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को रुकवाकर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान पिकअप में बड़ी मात्रा में बीयर की पेटियां रखी हुई मिलीं। जब पुलिस ने पेटियों की जांच की तो उनमें 116 पेटी बीयर बरामद हुई। इन पेटियों पर ‘सेल इन पंजाब’ लिखा हुआ था, जिससे शराब की बिक्री एवं परिवहन को लेकर नियमों के उल्लंघन की आशंका सामने आई।पुलिस ने मौके पर ही पिकअप चालक को हिरासत में ले लिया। आरोपी की पहचान 22 वर्षीय सौरभ पुत्र के रूप में हुई है, जो गांव पलासला, डाकघर कपाहड़ा, तहसील घुमारवीं, जिला बिलासपुर का निवासी बताया गया है।पुलिस ने बरामद बीयर और पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर मामले की आगामी जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में बीयर कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता होने की भी जांच की जा रही है।पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।