बाइक की टक्कर से पिता की मौत, बेटा घायल; चालक भी जख्मी

चंबा-पठानकोट एनएच पर परेल के पास हुआ हादसा, शादी समारोह से लौटते समय सड़क किनारे वाहन का इंतजार कर रहे थे पिता-पुत्र
चंबा 24 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय उच्च मार्ग-154ए पर परेल के समीप बाइक की जोरदार टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा घायल हो गया। हादसे में बाइक चालक को भी चोटें आई हैं। पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब 10:30 बजे 55 वर्षीय रामानंद सागर पुत्र बलिराज निवासी शक्तिदेहरा, डाकघर सिढ़कुंड अपने बेटे कृतेश के साथ शिव शक्ति पैलेस में आयोजित रिश्तेदार के शादी समारोह में शामिल होने के बाद घर लौटने के लिए सड़क किनारे वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान चंबा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही बाइक एचपी 44-4942 ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। बाइक को धर्मेंद्र कुमार पुत्र बलदेव निवासी धुता, डाकघर डियुर चला रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिता-पुत्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में बाइक चालक भी घायल हो गया।घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों और रिश्तेदारों ने तीनों घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने रामानंद सागर की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हालांकि, परिजन उन्हें उपचार के लिए पठानकोट ले गए, जहां देर रात उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।सुल्तानपुर पुलिस चौकी की टीम ने मेडिकल कॉलेज चंबा में शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। हादसे के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के बेटे कृतेश ने ही अपने पिता की चिता को मुखाग्नि दी।पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि बाइक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।