मिड डे मील वर्कर्स को मिले सरकारी कर्मचारी का दर्जा और 26 हजार रुपये वेतन :- सीटू
चम्बा में मिड डे मील वर्कर यूनियन का प्रथम ब्लॉक सम्मेलन आयोजित, दलविंद्र अध्यक्ष और सविता महासचिव निर्वाचित

चम्बा 10 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
मिड डे मील वर्कर यूनियन ब्लॉक चम्बा का प्रथम ब्लॉक सम्मेलन सीटू जिला कार्यालय बालू में आयोजित किया गया। सम्मेलन में मिड डे मील वर्कर्स की विभिन्न समस्याओं, अधिकारों और लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान 25 सदस्यीय ब्लॉक कमेटी का गठन किया गया, जिसमें दलविंद्र को अध्यक्ष तथा सविता को महासचिव चुना गया।सम्मेलन का उद्घाटन सीटू जिला अध्यक्ष नरेंद्र ने किया। उन्होंने कहा कि मिड डे मील वर्कर्स सरकारी स्कूलों में बच्चों को भोजन उपलब्ध करवाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रही हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें बेहद कम मानदेय पर काम करना पड़ रहा है।

वर्षों तक सेवाएं देने के बावजूद इन वर्कर्स को सरकारी कर्मचारी का दर्जा, सामाजिक सुरक्षा और सम्मानजनक वेतन जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार से मिड डे मील वर्कर्स की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनकी मांगों का समाधान करने की मांग उठाई। उन्होंने बताया कि आगामी 1, 2 और 3 दिसंबर 2026 को देशभर के मजदूर और योजना कर्मी अपनी मांगों को लेकर दिल्ली में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।

इस आंदोलन में हिमाचल प्रदेश से भी मिड डे मील वर्कर्स भाग लेंगी।सम्मेलन में वर्कर्स को सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने, न्यूनतम 26 हजार रुपये मासिक वेतन तथा साल के सभी 12 महीनों का वेतन देने की मांग उठाई गई। इसके अलावा सेवानिवृत्ति पर पांच लाख रुपये की एकमुश्त राशि और छह हजार रुपये मासिक पेंशन देने, ईपीएफ, ईएसआई सहित सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग की गई।वक्ताओं ने मिड डे मील योजना के निजीकरण एवं ठेकाकरण पर रोक लगाने, क्लस्टर किचन व्यवस्था का फैसला वापस लेने, 25 बच्चों की शर्त समाप्त करने तथा किसी भी वर्कर को नौकरी से न हटाने की मांग भी उठाई।सम्मेलन में सभी वर्कर्स से एकजुट होकर संगठन मजबूत करने और दिल्ली आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया गया। सम्मेलन ने मिड डे मील वर्कर्स के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई को संगठित रूप से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
